-सीढ़ी घाट पर जल भरने गया 9वीं का छात्र नदी में डूबा
-बचाव में देरी पर परिजनों और कांवरियों का हंगामा
मुजफ्फरपुर। शहर के सीढ़ी घाट पर सोमवार को धनेश्वर नाथ मंदिर में जलार्पण के लिए जल भरने के दौरान 16 वर्षीय किशोर बूढ़ी गंडक नदी के गहरे पानी में डूब गया। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई। बचाव कार्य शुरू होने में देरी का आरोप लगाते हुए परिजनों और मौके पर मौजूद कांवरियों ने जमकर हंगामा किया।
डूबे किशोर की पहचान तुर्की थाना क्षेत्र के लदौरा निवासी सतेंद्र शाह के 16 वर्षीय पुत्र ऋषभ कुमार के रूप में हुई है। ऋषभ नौवीं कक्षा का छात्र था। बताया गया कि वह अपने अन्य साथी युवकों के साथ धनेश्वर नाथ मंदिर में जलार्पण के लिए सीढ़ी घाट पर जल भरने पहुंचा था।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 10 बजे हुआ। जल भरने के दौरान अचानक ऋषभ का पैर फिसल गया या पानी की गहराई का अंदाजा नहीं होने के कारण वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देखकर साथ आए युवकों ने बचाने का प्रयास किया, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह पानी में ओझल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही ऋषभ के परिजन रोते-बिलखते सीढ़ी घाट पहुंचे। परिजनों का आरोप था कि हादसे के काफी देर बाद तक प्रभावी बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया। गोताखोरों की टीम के समय पर नहीं पहुंचने से आक्रोशित परिजनों और कांवरियों ने घाट पर हंगामा किया और प्रशासनिक व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
हंगामे की सूचना मिलने पर स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम ने नदी में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश की जा रही थी। खबर लिखे जाने तक उसका पता नहीं चल सका था।
घटना के बाद लदौरा गांव में मातम पसरा हुआ है। ऋषभ के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। धनेश्वर नाथ मंदिर में जलार्पण के लिए निकले परिवार और साथी युवकों की खुशी पलभर में मातम में बदल गई। घटना से घाट पर मौजूद कांवरियों और स्थानीय लोगों में भी शोक का माहौल है।












