-सीएम सम्राट चौधरी पैदल पहुंचे ऑफिस, सरकार ने दिया सादगी और अनुशासन का संदेश
पटना। दीपक तिवारी। प्रधानमंत्री Narendra Modi की पहल को आगे बढ़ाते हुए बिहार सरकार में भी सादगी और अनुशासन की नई तस्वीर देखने को मिल रही है। इसी कड़ी में बिहार के मुख्यमंत्री Samrat Choudhary ने पहले अधिकारियों और मंत्रियों से अपील की, फिर काफिला छोटा किया और अब खुद पैदल चलकर ऑफिस पहुंचकर बड़ा संदेश देने की कोशिश की है।
हालांकि मुख्यमंत्री आवास से उनका कार्यालय ज्यादा दूर नहीं है और केवल एक सड़क पार कर कार्यालय पहुंचा जा सकता है, लेकिन इस कदम को प्रतीकात्मक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है। सरकार यह दिखाने की कोशिश कर रही है कि केवल अपील ही नहीं, बल्कि उस पर अमल भी किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के इस कदम का असर मंत्रियों में भी देखने को मिला। हाल ही में कई मंत्री एक ही गाड़ी से कार्यक्रम और कैबिनेट बैठक में पहुंचे। इसे सरकारी स्तर पर संसाधनों के बेहतर उपयोग और सादगी अभियान के तौर पर देखा जा रहा है।
राजनीतिक गलियारों में इस पहल की चर्चा तेज है। माना जा रहा है कि यदि आम लोग भी इस तरह के प्रयासों को अपनाना शुरू करें, तो यातायात, ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में बड़ा बदलाव संभव है। सरकार को उम्मीद है कि जनता भी इस मुहिम से प्रेरणा लेगी और छोटे-छोटे बदलावों के जरिए बड़ी भागीदारी निभाएगी।












