Advertisement

सीएम नीतीश की ” प्रगति यात्रा ” का दूसरा चरण नए वर्ष में।

-सीएम नीतीश की ” प्रगति यात्रा ” का दूसरा चरण नए वर्ष में।

-04 जनवरी को करेंगे गोपालगंज से आगाज , देंगे करोड़ों की सौगात

ब्यूरो।पटना।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा का आज से आगाज हो गया। मुख्यमंत्री ने पश्चिमी चंपारण के बाल्मिकीनगर से अपनी यात्रा की शुरुआत कर दी है। इसी बीच मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग ने दूसरे चरण की प्रगति यात्रा का शेड्यूल जारी कर दिया है। कैबिनेट विभाग की तरफ से जारी शेड्यूल के मुताबिक सीएम नीतीश कुमार दूसरे चरण की प्रगति यात्रा पर नए साल में 04 जनवरी से निकलेंगे। दूसरे चरण की यात्रा के पहले दिन यानि 04 जनवरी 2025 को सीएम नीतीश गोपालगंज जाएंगे। वे यहां करोड़ों रुपए की योजनाओं की सौगात देंगे। इसके बाद 07 जनवरी को सीएम सीवान में रहेंगे। वहीं प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 08 जनवरी को सारण , 11 जनवरी को दरभंगा , 12 जनवरी को मधुबनी और 13 जनवरी को समस्तीपुर का भ्रमण करेंगे।सीएम नीतीश कुमार इस दरम्यान सभी जिलों को कुछ न कुछ सौगात देंगे।

अपनी यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री विकास योजनाओं की समीक्षा भी करेंगे और सभी विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेंगे।
अंकित करने वाली बात है कि 23 दिसंबर को पश्चिमी चंपारण के बाल्मिकीनगर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा का आगाज कर दिया है। बाल्मिकीनगर पहुंचे मुख्यमंत्री का पार्टी कार्यकर्ताओं और अधिकारियों ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। सीएम नीतीश कुमार के साथ उनके कैबिनेट मंत्री विजय कुमार चौधरी समेत पार्टी के अन्य नेता भी बाल्मिकीनगर पहुंचे हैं। प्रगति यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री यहां करीब 700 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास कर रहे हैं।