-सावन में कांवड़ियों की सेवा के लिए तैयार बाबा गरीबनाथ सेवा दल रामगढ़ परिवार, स्वागत समारोह में सेवाभाव का लिया संकल्प
मुजफ्फरपुर। आगामी सावन माह में बाबा गरीबनाथ धाम आने वाले कांवड़ियों की सेवा को लेकर बाबा गरीबनाथ सेवा दल रामगढ़ परिवार की ओर से रामदयालु स्थित गणेश पैलेस परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सावन के दौरान सेवा कार्यों में जुटने वाले स्वयंसेवकों को अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित अतिथियों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को भी अंगवस्त्र और प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मंत्री सुरेश शर्मा उपस्थित रहे। वहीं भाजपा नेता विवेक कुमार, कांटी प्रमुख कृपा शंकर शाही, भारतेंदु कुमार, अमित कुमार, कुलदीप सिंह समेत कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में भाग लिया।
रामगढ़ परिवार के अध्यक्ष चंदन कुमार ने कहा कि उनकी संस्था पिछले कई वर्षों से सावन माह में निःस्वार्थ भाव से कांवड़ियों की सेवा करती आ रही है।

इस वर्ष भी निःशुल्क कांवड़िया शिविर लगाया जाएगा, जहां श्रद्धालुओं के लिए भोजन, चाय, बिस्कुट, शरबत, दवा तथा ठहरने की समुचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि संस्था के सभी सदस्य पूरी आस्था और समर्पण के साथ सेवा कार्य में जुटे रहेंगे, ताकि बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
समारोह के दौरान संस्था के सचिव सौरभ सोनी, कार्यकारी अध्यक्ष सोनू चौहान, अरुण मेहता, संजय कुमार, दीनानाथ, राहुल जायसवाल, प्रकाश, दीपराज, अमन, गोलू, पोरड, अभिषेक, दीपक, बिट्टू, सूरज, विक्की, पंकज, विजय सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम का उद्देश्य सावन माह में कांवड़ियों की सेवा के लिए स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन करना और सेवा कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित करने की तैयारी को अंतिम रूप देना था। संस्था ने श्रद्धालुओं से भी शिविर का लाभ उठाने और सेवा कार्य में सहयोग करने की अपील की।












