-सावन की पहली सोमवारी पर शिवालयों में उमड़ा आस्था का सैलाब, भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए लगी भक्तों की लंबी कतारें
दीपक कुमार | नोएडा। सावन माह की पहली सोमवारी पर भगवान शिव की आराधना के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब मंदिरों और शिवालयों में उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्ममुहूर्त से ही शिवभक्त हाथों में गंगाजल और पूजा सामग्री लेकर भगवान भोलेनाथ के जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।
नोएडा के सेक्टर-20 स्थित शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और भगवान भोलेनाथ का विशेष श्रृंगार किया गया। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और देश की खुशहाली की कामना की।

शिव मंदिर के पुजारी आचार्य ने बताया कि इस वर्ष सावन का महीना अत्यंत शुभ संयोग लेकर आया है। उन्होंने कहा कि पूरे सावन मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व रहेगा और श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के लिए पर्याप्त अवसर मिलेगा। इस बार सावन में चार सोमवार पड़ रहे हैं, जिनका धार्मिक दृष्टि से विशेष महत्व माना जाता है।
हिंदू मान्यता के अनुसार, सावन के प्रत्येक सोमवार को भगवान शिव का जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा और अन्य पूजन सामग्री अर्पित करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। यही कारण है कि पहली सोमवारी पर मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी रही।
मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। सुरक्षा, पेयजल और दर्शन व्यवस्था को लेकर स्वयंसेवक एवं पुलिसकर्मी भी मुस्तैद नजर आए। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।












