-साली की शादी में जीजा ने खुद को लगाई आग, पेट्रोल छिड़ककर उठाया खौफनाक कदम
बांका। अमरपुर थाना क्षेत्र के बभनगामा गांव में एक शादी समारोह उस वक्त मातम में बदल गया, जब साली की शादी में शामिल होने आए एक युवक ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घायल युवक की पहचान रजौन थाना क्षेत्र के भदरार गांव निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने परिवार के साथ साली की शादी में शामिल होने बभनगामा गांव आया था। घर में शादी की रस्में चल रही थीं और परिजन खुशी के माहौल में व्यस्त थे। इसी बीच सूरज कुमार अचानक घर से कुछ दूरी पर स्थित मूंग के खेत की ओर चला गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने वहां अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग के हवाले कर दिया। कुछ देर बाद उसकी चीख सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुका था।

घटना के बाद आनन-फानन में उसे अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के मुताबिक युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है।
परिजनों ने बताया कि सूरज कुमार नशे का सेवन करता था। हालांकि उसने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अभी तक सामने नहीं आ सका है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में था, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। जहां कुछ देर पहले तक बैंड-बाजा और उत्सव का माहौल था, वहीं अब घर में सन्नाटा और चिंता पसरी हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












