Advertisement

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव का बिगुल, 23 अक्टूबर को मतदान; पूर्वी चंपारण में 1741 शिक्षक मतदाता

-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव का बिगुल, 23 अक्टूबर को मतदान; पूर्वी चंपारण में 1741 शिक्षक मतदाता

मोतिहारी। बिहार विधान परिषद के द्विवार्षिक निर्वाचन 2026 के तहत 3-सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से 22 सितंबर को प्रेस नोट जारी किए जाने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव कार्यक्रम को लेकर 24 सितंबर को डीएम सौरभ सुमन यादव और एसपी स्वर्ण प्रभात ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं मीडिया के साथ बैठक की।
डीएम ने बताया कि सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अधिसूचना 29 सितंबर को जारी होगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी।


चुनाव के निर्वाची पदाधिकारी सारण आयुक्त होंगे, जबकि डीएम सहायक निर्वाची पदाधिकारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। नामांकन सारण आयुक्त कार्यालय में दाखिल किया जाएगा।
पूर्वी चंपारण जिले में मतदान के लिए प्रखंड मुख्यालयों पर कुल 27 मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। यहां 1741 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1533 पुरुष और 208 महिला मतदाता शामिल हैं। नामांकन शुल्क सामान्य एवं पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 10 हजार रुपये तथा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 5 हजार रुपये निर्धारित किया गया है।
बैठक में भाजपा, कांग्रेस, जदयू, आम आदमी पार्टी और माकपा के जिला प्रतिनिधि उपस्थित रहे।