-सहयोग शिविर में 75 आवेदन प्राप्त, 20 मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
राजापाकर।संजय श्रीवास्तव। प्रखंड क्षेत्र की रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई एवं मीरपुर पतांढ पंचायतों में मंगलवार को सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत स्थित राजकीय मध्य विद्यालय फतेहपुर फुलवरिया में आयोजित शिविर का नेतृत्व अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने किया, जबकि मीरपुर पतांढ पंचायत स्थित श्रीमती राम सुमरी देवी उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय कर्णपुरा में आयोजित शिविर का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने किया।
शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में डीपीओ प्रसुन्न कुमार उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आम लोगों की समस्याएं सुनी गईं और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
प्रखंड विकास पदाधिकारी सूर्य प्रताप सिंह सेंगर ने बताया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित किया जाता है। इसी क्रम में दोनों पंचायतों में शिविर लगाया गया। रामपुर रत्नाकर उर्फ सरसई पंचायत में 26 आवेदन प्राप्त हुए, जबकि मीरपुर पतांढ पंचायत में 49 आवेदन मिले। इनमें से 20 मामलों का निष्पादन मौके पर ही कर दिया गया। शेष आवेदनों का निपटारा अगले 30 दिनों के भीतर किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि शिविर का उद्देश्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। राशन, पेंशन, भूमि विवाद, जाति एवं आय प्रमाण पत्र, बिजली, पेयजल तथा अन्य सरकारी योजनाओं से जुड़ी शिकायतों और समस्याओं के समाधान के लिए यह पहल की जा रही है।
शिविर में आमजनों के बैठने, पेयजल एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई थी। वहीं मीरपुर पतांढ पंचायत में आयोजित शिविर के दौरान छह लाभुकों को जीविका एवं रोजगार सृजन योजना के तहत जॉब कार्ड भी वितरित किए गए।
मौके पर बीपीआरओ सुधी रंजन कुमार, मुखिया सविता देवी, मुखिया गीता देवी, मुखिया प्रतिनिधि गणेश पासवान, धीरेंद्र मिश्रा, सराय थाना अध्यक्ष संजीव कुमार, राजस्व पदाधिकारी जुली कुमारी, बीसीओ अनामिका कुमारी, बीसीएम रामराज सिंह, पशु चिकित्सक डॉ. गौरी शंकर विद्यार्थी, पीएचईडी के कनिष्ठ अभियंता निहारिका कुमारी, विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता विक्रम कुमार, विकास मित्र राजू कुमार, मिथलेश राम, चंद्रेश्वर कुमार, सरिता कुमारी, बीपीएम राजकुमार साह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











