-समस्तीपुर में रिश्तों का हाई-वोल्टेज ड्रामा: शादीशुदा प्रेमी-प्रेमिका पकड़े गए, पंचायत ने करा दी शादी
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र से रिश्तों को उलझाने वाला एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रात के अंधेरे में शादीशुदा प्रेमिका से मिलने पहुंचे एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। मामला गांव की पंचायत तक पहुंचा, जहां घंटों चली चर्चा के बाद ऐसा फैसला सुनाया गया जिसने पूरे इलाके में चर्चा छेड़ दी।
जानकारी के अनुसार, खगड़िया निवासी अनुराधा कुमारी करीब डेढ़ वर्ष पहले सिंघिया खुर्द स्थित एएनएम कॉलेज में पढ़ाई के लिए आई थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात कॉलेज स्टाफ मनोहर कुमार से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने प्रेम विवाह कर लिया। बताया जाता है कि मनोहर पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं।

इसी बीच आरोप है कि अनुराधा का पहले से ताजपुर थाना क्षेत्र के चक पहाड़ गांव निवासी पन्नालाल यादव के साथ प्रेम संबंध था। शादी के बाद भी दोनों के बीच संपर्क बना रहा और वे चोरी-छिपे मिलते रहे।
शनिवार रात पन्नालाल कथित तौर पर अनुराधा से मिलने उसके गांव पहुंचा, जहां ग्रामीणों ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद गांव में पंचायत बुलाई गई और पूरे मामले पर चर्चा हुई।
ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत ने अनुराधा और पन्नालाल की शादी कराने का फैसला लिया। बताया जा रहा है कि यह विवाह अनुराधा के पहले पति मनोहर कुमार की मौजूदगी में कराया गया।
जानकारी के मुताबिक, पन्नालाल यादव भी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं—एक 12 वर्षीय बेटी और 9 वर्षीय बेटा। ऐसे में इस पूरे घटनाक्रम ने कई परिवारों को प्रभावित किया है और इलाके में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
फिलहाल इस मामले में पुलिस की ओर से किसी कानूनी कार्रवाई की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं।












