-समस्तीपुर में भाकपा(माले) जिला सम्मेलन संपन्न, बुलडोज़र राज के खिलाफ संघर्ष तेज करने का संकल्प
कल्याणपुर/समस्तीपुर, 19 अप्रैल 2026।
भाकपा(माले) का दो दिवसीय 11वां समस्तीपुर जिला सम्मेलन रविवार को कल्याणपुर प्रखंड के बिरसिंहपुर स्थित चंदा विवाह भवन में सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। सम्मेलन में 31 सदस्यीय जिला कमेटी का गठन किया गया, जबकि कॉमरेड उमेश कुमार को सर्वसम्मति से पुनः जिला सचिव चुना गया।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने संबोधित करते हुए भाजपा-जदयू सरकार की नीतियों पर तीखा हमला बोला और जनसंघर्ष को तेज करने का आह्वान किया। वक्ताओं ने खासकर “बुलडोज़र राज” के खिलाफ व्यापक आंदोलन खड़ा करने की जरूरत पर जोर दिया।
प्रतिनिधि सत्र में जिला सचिव उमेश कुमार ने पिछले कार्यकाल की रिपोर्ट पेश की, जिसमें जिले में चलाए गए जनआंदोलनों और संगठन विस्तार की दिशा में किए गए कार्यों का उल्लेख किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे 240 से अधिक प्रतिनिधियों—जिनमें महिलाएं, छात्र और युवा भी शामिल थे—ने रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से इसे पारित किया।

संगठनात्मक सत्र में 31 सदस्यीय जिला कमेटी का चुनाव किया गया। इसके साथ ही 9 स्थायी आमंत्रित सदस्यों का भी चयन हुआ। सम्मेलन का संचालन अध्यक्ष मंडल द्वारा किया गया।
सम्मेलन की प्रमुख बातें:
सम्मेलन में कम्युनिस्ट आंदोलन की विरासत को याद करते हुए गरीबों, दलितों, महिलाओं, छात्रों-नौजवानों और अल्पसंख्यक समुदाय को एकजुट करने का आह्वान किया गया। पार्टी ने भाजपा सरकार के कथित “बुलडोज़र राज” के खिलाफ संघर्ष तेज करने, भू-माफियाओं और सामंती ताकतों के विरुद्ध लड़ाई को धार देने तथा गरीबों के आवास और जमीन के सवाल को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
इसके अलावा बेरोजगारी, पलायन, महंगाई, बाढ़, विस्थापन और सरकारी योजनाओं में भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया गया। सम्मेलन ने गांव-टोले स्तर तक संगठन को मजबूत कर भाकपा(माले) को जिले की प्रमुख कम्युनिस्ट पार्टी बनाने का लक्ष्य तय किया।
सम्मेलन की शुरुआत शहीदों को श्रद्धांजलि और झंडोत्तोलन के साथ हुई, जबकि समापन अंतर्राष्ट्रीय गीत और नारों के बीच हुआ।












