Advertisement

सड़क हादसे में घायल इंटर छात्र की पीएमसीएच में मौत, गांव में पसरा मातम

-सड़क हादसे में घायल इंटर छात्र की पीएमसीएच में मौत, गांव में पसरा मातम

राजापाकर (वैशाली)। राजापाकर प्रखंड के बाकरपुर पंचायत स्थित गोविंदपुर झकरहा गांव निवासी 18 वर्षीय युवक की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (पीएमसीएच) में मौत हो गई। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब दो बजे शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गोविंदपुर झकरहा निवासी किसान बृजेश राय का पुत्र बिट्टू कुमार मंगलवार तड़के करीब चार बजे घर के बाहर पेशाब करने के लिए सड़क पर निकला था। उसका घर महुआ-चकसिकंदर मुख्य सड़क के किनारे स्थित है। इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बिट्टू गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके सिर में गंभीर चोट आई।
परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल, हाजीपुर ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान मंगलवार रात करीब आठ बजे उसकी मौत हो गई।


बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव जब गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की सूचना मिलने पर राजापाकर थानाध्यक्ष गौरीशंकर बैठा भी गांव पहुंचे और परिजनों से घटना की जानकारी ली।
परिजनों ने बताया कि इस मामले में पीएमसीएच पटना में फर्दबयान दर्ज कराया गया है। वहीं थानाध्यक्ष ने बताया कि राजापाकर थाने में अभी तक इस संबंध में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। पटना से फर्दबयान प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मृतक बिट्टू कुमार इंटर का छात्र था और दो भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके पिता बृजेश राय खेती-बाड़ी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इधर, गांव में हादसे को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि टक्कर मारने वाला बाइक सवार आसपास के गांव का ही रहने वाला है, हालांकि कोई भी खुलकर उसका नाम बताने को तैयार नहीं है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच रिपोर्ट और फर्दबयान मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।