Advertisement

सड़क निर्माण कार्य का विधायक ने किया उद्घाटन

-सड़क निर्माण कार्य का विधायक ने किया उद्घाटन

-हजारों लोगों को आवागमन में मिलेगी राहत
-बारिश में जलजमाव और कीचड़ की समस्या से मिलेगी निजात

मुजफ्फरपुर/कांटी। कांटी विधानसभा क्षेत्र में सड़क एवं आधारभूत संरचना के विकास की दिशा में दामोदरपुर के लोगों को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से जर्जर दामोदरपुर ईदगाह चौक से बैरिया रेलवे गुमटी तक जाने वाली पक्की सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद सोमवार को विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने इसका उद्घाटन किया। सड़क निर्माण पूरा होने पर स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। इस दौरान लोगों ने विधायक का फूल-माला और अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
उद्घाटन के अवसर पर विधायक अजीत कुमार ने कहा कि यह सड़क लंबे समय से जर्जर स्थिति में थी। बारिश के दिनों में जलजमाव और कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती थी। स्कूली बच्चों, व्यवसायियों और आम लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों की मांग पर सड़क निर्माण की पहल की गई।

उन्होंने कहा कि यह सड़क मुजफ्फरपुर-देवरिया मुख्य मार्ग से जुड़ती है और कई गांवों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इसके निर्माण से हजारों लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही शिक्षा, व्यापार और अन्य दैनिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सड़क का निर्माण ग्रामीण कार्य विभाग पश्चिमी के तहत कराया गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लगातार मॉनीटरिंग की जा रही थी।
मौके पर इरफान अहमद दिलकश, रमेश शर्मा, राकेश कुमार, मनीष कुमार, संजय सिंह, संतोष ठाकुर, सुरेश चौधरी, गौतम गुप्ता, राज किशोर साह, जुनैद हसन, राजीव ठाकुर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।