Advertisement

सड़क किनारे अतिक्रमण हटेगा, हॉटस्पॉट पर लगेंगे स्पीड ब्रेकर और कैमरे: डीएम

-सड़क किनारे अतिक्रमण हटेगा, हॉटस्पॉट पर लगेंगे स्पीड ब्रेकर और कैमरे: डीएम

– जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में दुर्घटना रोकने के लिए दिए गए कड़े निर्देश

मोतिहारी, राजन द्विवेदी।

जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के आलोक में जिले की सभी मुख्य सड़कों के किनारे अतिक्रमण हटाने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात, नगर आयुक्त आशीष कुमार, डीटीओ, एसडीओ सदर, एसडीपीओ सदर, एनएचएआई, एनएच, आरसीडी और आरडब्ल्यूडी के अभियंता सहित सभी ईएसआई और थाना प्रभारी मौजूद थे।
डीएम ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन हर हाल में होगा। इसके लिए सभी राष्ट्रीय और राज्य पथों के किनारे अतिक्रमण चिन्हित कर हटाया जाए।
बैठक में बताया गया कि एनएच डिविजन कोटवा ने 600, मोतिहारी डिविजन ने 500, चकिया डिविजन ने 28 और मधुबन अंचल से जुड़े 27 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस भेजा है।

डीएम ने सुगौली में सड़क पर लगने वाले सब्जी बाजार को तुरंत दूसरी जगह शिफ्ट कराने का निर्देश नगर पंचायत को दिया। बंजरिया थाना के पास जब्त गाड़ियों को नए थाना भवन में शिफ्ट करने को भी कहा गया।

– दुर्घटना रोकने के लिए ये होंगे इंतजाम

1. हॉटस्पॉट चिन्हित होंगे : दुर्घटना वाले स्थानों पर रंबल स्ट्रिप, स्पीड कैमरा, ब्लिंकिंग लाइट और स्पीड ब्रेकर लगाए जाएंगे। एनएच से जुड़ने वाले ग्रामीण सड़कों पर भी स्पीड लिमिट का साइनेज लगेगा।
2. मरीन ड्राइव पर सुरक्षा :
मोतीझील के किनारे मरीन ड्राइव से शहर की गलियां मिलती हैं। यहां दुर्घटना की आशंका को देखते हुए सभी गलियों के मुहाने पर स्पीड ब्रेकर लगाने का निर्देश आरसीडी को दिया गया।
3. सर्विस रोड और गड्ढे भराई :
छतौनी में ट्रैफिक सुचारू करने के लिए सर्विस रोड बनाने का काम तेज करने को कहा। डीएम ने सख्त निर्देश दिया कि सड़क पर गड्ढे तुरंत भरे जाएं। लापरवाही पर प्राथमिक दर्ज कर कार्रवाई होगी।
4. अवैध पार्किंग पर कार्रवाई:
सभी ईएसआई को अवैध पार्किंग के खिलाफ नियमित अभियान चलाने का आदेश दिया गया।

– आंकड़े और अन्य निर्देश

रिपोर्ट के अनुसार 1 जनवरी से 31 मई 2026 तक जिले में 213 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें 176 लोगों की मौत और 98 लोग घायल हुए। पिछले साल की तुलना में इसमें कमी आई है।

डीएम ने सभी थानों को दुर्घटना में मृतकों की सूची I-RAD पोर्टल पर एंट्री करने को कहा ताकि परिजनों को मुआवजा मिल सके। ग्रामीण कार्य विभाग के अभियंताओं को सड़कों का सर्वे कर एक सप्ताह में फिटनेस सर्टिफिकेट जमा करने का निर्देश भी दिया गया।

बैठक में 15 अगस्त को सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले “गुड समेरिटन” यानी राहबीरों की सूची भेजने को भी कहा गया, ताकि उन्हें सम्मानित किया जा सके।