-सकरा में ठनका गिरने से पिता की मौत, 11 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से झुलसा
मुजफ्फरपुर।जिले के सकरा थाना क्षेत्र में सोमवार को आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। मुरौल ओपी क्षेत्र के कोरिगम्मा गांव में ठनका की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 11 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान कोरिगम्मा गांव के वार्ड संख्या चार निवासी रामजी ठाकुर के 40 वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार शर्मा के रूप में हुई है। हादसे में उनका 11 वर्षीय पुत्र सूरज कुमार भी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक मौसम खराब होने के बाद तेज गर्जना के साथ ठनका गिरा। इसकी चपेट में आने से गुड्डू कुमार शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से झुलस गया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल बच्चे को तत्काल इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसकेएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही मुरौल ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। पुलिस मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद कोरिगम्मा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।












