-श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई गोधन पूजा, भाइयों की लंबी उम्र के लिए बहनों ने किया पारंपरिक अनुष्ठान
-हरपुर बलड़ा हनुमान मंदिर टी-पॉइंट पर उमड़ी महिलाओं की भीड़, -गोधन कूटकर भाइयों को खिलाई बजरी
मुजफ्फरपुर। हर्ष और प्रकाश के महापर्व दीपावली के तीसरे दिन बुधवार को जिले के विभिन्न प्रखण्ड क्षेत्रों में गोधन पूजा श्रद्धा भक्ति के बीच आयोजित हुए। औराई,कटरा,गायघाट, बन्दरा,सकरा,मुरौल सहित विभिन्न प्रखंडों में महिलाओं में ऐसे पारंपरिक तरीकों से मनाया। मनियारी क्षेत्र में गोधन पूजा का पर्व पारंपरिक रीति-रिवाज और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बहनों ने अपने भाइयों और परिवारजनों की लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सुबह से ही ग्रामीण इलाकों में इस पर्व को लेकर उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
प्रखंड के हरपुर बलड़ा स्थित हनुमान मंदिर टी-पॉइंट पर अहले सुबह से ही कन्याओं और महिलाओं की भीड़ जुटने लगी। महिलाएं पवित्र स्नान कर सोलह श्रृंगार के साथ पूजा स्थल पर पहुंचीं। अपने साथ रेंगनी के कांटे और अन्य पारंपरिक पूजन सामग्री लेकर आईं। महिलाओं ने एक दिन पहले गाय के गोबर से बनाई गई यम की प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना की।

इसके बाद परंपरा के अनुसार महिलाओं ने रेंगनी के कांटे से विशेष शाप अनुष्ठान किया और अपने भाइयों की दीर्घायु एवं परिवार की सुख-शांति की कामना की। पूजा के बाद महिलाओं के समूह ने मूसल से पारंपरिक तरीके से गोधन कूटा। इस दौरान ‘गोधन भैया चलले अहिलिया, यही पर गोधन भैया खेलले शिकार’ जैसे पारंपरिक मांगलिक गीतों से पूरा वातावरण गूंज उठा।
लोक मान्यता के अनुसार गोधन कूटने के बाद उसमें से निकाली गई बजरी बहनें अपने भाइयों को खिलाती हैं। मान्यता है कि इससे भाइयों का शरीर वज्र के समान मजबूत होता है और उन्हें लंबी आयु का आशीर्वाद मिलता है।
वहीं, बहनों से बजरी ग्रहण करने और उनका स्नेह पाने के बाद भाइयों ने भी अपनी बहनों को उपहार एवं नेग देकर सम्मानित किया। इस तरह गोधन पूजा के माध्यम से भाई-बहन के अटूट प्रेम, पारिवारिक एकता और आपसी सौहार्द की परंपरा जीवंत रही। पूरे मनियारी क्षेत्र में पर्व हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।












