Advertisement

शिवदाहा उप स्वास्थ्य केंद्र पर 11:10 बजे लटका मिला ताला, मरीज लौटे निराश

-शिवदाहा उप स्वास्थ्य केंद्र पर 11:10 बजे लटका मिला ताला, मरीज लौटे निराश

दीपक कुमार / गायघाट।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खोले गए स्वास्थ्य उपकेंद्रों की स्थिति कई जगह चिंताजनक बनी हुई है। जिम्मेदारों की लापरवाही का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा नहीं मिलने के कारण ग्रामीणों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और जिला अस्पताल का सहारा लेना पड़ रहा है।

सोमवार को गायघाट प्रखंड क्षेत्र के शिवदाहा तिरसठ स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र का हाल भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। सुबह 11 बजकर 10 मिनट पर स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य द्वार पर ताला लटका मिला। इलाज के लिए पहुंचे लोगों को निराश होकर वापस लौटना पड़ा।

ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य उपकेंद्र होने के बावजूद लोगों को समय पर इलाज की सुविधा नहीं मिल रही है। वहीं, हैरानी की बात यह भी है कि क्षेत्र के करीब 70 प्रतिशत लोगों को इस स्वास्थ्य उपकेंद्र की जानकारी तक नहीं है। जागरूकता की कमी के कारण भी लोग इसका लाभ नहीं उठा पा रहे हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों में सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के इलाज के लिए उप स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां एएनएम की तैनाती भी की गई है, लेकिन केंद्रों के खुलने और बंद होने का कोई निश्चित समय नहीं दिखता। सुदूर ग्रामीण इलाका होने के कारण अधिकारियों की निगरानी भी कम होने की बात सामने आ रही है।

स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से व्यवस्था में सुधार और स्वास्थ्य केंद्रों के नियमित संचालन की मांग की है, ताकि ग्रामीणों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।