Advertisement

शिक्षकों की होने वाली परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट

मोतिहारी । राजन द्विवेदी

-शिक्षकों की होने वाली परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट
– संबंधित अधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, वीक्षको को दिया निर्देश

बिहार लोक सेवा आयोग ,पटना के द्वारा प्राथमिक, माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालय अध्यापक प्रतियोगिता परीक्षा को लेकर आज मोतिहारी आडिटोरियम में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए ब्रीफिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल एवं पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से करते हुए संबंधित पदाधिकारियों, सभी केंद्राधीक्षकों, सभी वीक्षकों, स्टैटिक दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को विशेष दिशा निर्देश दिए।
बता दें कि आगामी 24 एवं 25 अगस्त को पूर्वी चंपारण जिले के विभिन्न केंद्रों पर प्रतियोगिता परीक्षा प्रथम पाली 10:00 बजे पूर्वाह्न से मध्याह्न 12:00 बजे तक होगी । 37 परीक्षा केंद्रों पर कुल 45926 (पुरुष )परीक्षार्थी उपस्थित होंगे। जबकि द्वितीय पाली अपराह्न 3:30 से 5:30 अपराह्न तक 33 परीक्षा केंद्रों पर कुल 40994 (महिला ) परीक्षार्थी शामिल होंगे।


बताया कि स्टैटिक दंडाधिकारी तथा पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में परीक्षा प्रारंभ होने से ढाई घंटा पूर्व से परीक्षार्थियों की सघन फ्रिस्किंग के साथ प्रवेश द्वार पर अभ्यर्थियों की ई-एडमिट पर छपे क्यूआर / बार कोड की स्कैनिंग करते हुए फोटो एवं पहचान पत्र के साथ मिलान करते हुए परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। अभ्यर्थियों को प्रत्येक पाली में एक अतिरिक्त ई-एडमिट कार्ड लेकर उपस्थित होना है। जिसे परीक्षा अवधि में वीक्षक को हस्ताक्षरित करते हुए समर्पित करना है।
परीक्षा प्रारंभ होने के 1 घंटे पहले परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश करना होगा , इसके बाद परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन/ कैलकुलेटर/ ब्लूटूथ /वाई-फाई गैजेट/ इलेक्ट्रॉनिक पेन/ पेजर/ रिस्ट वॉच इत्यादि जैसी इलेक्ट्रॉनिक सामग्री तथा व्हाइटनर/ इरेज़र एवं ब्लेड जैसी सामग्री ले जाना पूर्णतः वर्जित है।
परीक्षा कक्ष में इलेक्ट्रॉनिक सामग्री ले जाने पर उसे कदाचार मानते हुए इस परीक्षा सहित आगामी 5 वर्षों के लिए आयोग की परीक्षाओं में भाग लेने से वंचित किया जाएगा तथा परीक्षा से संबंधित भ्रामक एवं सनसनीखेज अफवाह फैलाने की स्थिति में 3 वर्षों के लिए आयोग की परीक्षाओं से वंचित किया जाएगा ।
परीक्षा स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार रहित संचालन कराने के उद्देश्य से जैमर ,सीसीटीवी कैमरे ,वीडियोग्राफी की समुचित व्यवस्था की गई है ।
बिहार लोक सेवा आयोग/ जिला मुख्यालय में स्थापित नियंत्रण कक्ष से सभी परीक्षा केंद्रों के गतिविधियों की निगरानी आयोग एवं जिला मुख्यालय में की जाएगी। जिला नियंत्रण कक्ष दूरभाष संख्या – 06252-242418 क्रियाशील रहेगा।
एसपी ने अपने संबोधन में कहा कि परीक्षा कदाचार रहित संपन्न कराने के उद्देश्य से (महिला एवं पुरुष) पुलिस पदाधिकारी/पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। डीएम ने कहा कि परीक्षा की गरिमा को ध्यान में रखते हुए परीक्षा को स्वच्छ ,निष्पक्ष एवं कदाचार मुक्त वातावरण में सफल संचालन करना सुनिश्चित करेंगे। मौके पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा, सभी वरीय प्रभारी पदाधिकारी, वरीय पुलिस पदाधिकारी, जोनल, स्टैटिक दंडाधिकारी, सभी केंद्राधीक्षक, सभी वीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।