-वैशाली ब्रेकिंग: आधी रात बेलसर थाना पहुंचे एसपी शुभांक मिश्रा, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
वैशाली। जिले में अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने बुधवार देर रात बेलसर थाना का औचक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक पहुंचने से थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने रात की ड्यूटी, गश्ती व्यवस्था, थाना की सुरक्षा, संतरी ड्यूटी और हाजत का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने थाना के विभिन्न अभिलेखों की भी जांच की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से आवश्यक जानकारी ली।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को स्पष्ट निर्देश दिया कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रात्रि गश्ती को और अधिक प्रभावी बनाने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा आम लोगों की शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रभावी पुलिसिंग के लिए सभी पुलिसकर्मियों को पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना होगा।
एसपी के इस औचक निरीक्षण से स्पष्ट संदेश गया है कि वैशाली पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी तरह अलर्ट है और पुलिस व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।












