-विदेश जाने वाले युवाओं पर विदेश मंत्रालय अलर्ट,
-अवैध एजेंटों के जाल में फंस रहे बेरोजगार
-टूरिस्ट वीजा पर नौकरी के नाम पर भेजे जा रहे युवक
-दुबई और कतर में फंसे युवाओं के मामले आए सामने
-डीएम को पत्र भेजकर जागरूकता शिविर लगाने का निर्देश
मुजफ्फरपुर। मुजफ्फरपुर समेत उत्तर बिहार के जिलों में विदेश प्रवासन के बढ़ते रुझान के बीच अवैध तरीके से विदेश भेजने वाले एजेंटों का नेटवर्क सक्रिय हो गया है। रोजगार और अधिक वेतन दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं को विदेश भेजा जा रहा है। इनमें कई युवकों को टूरिस्ट वीजा पर भेजने के मामले सामने आए हैं। विदेश पहुंचने के बाद युवकों को न तो वादे के मुताबिक नौकरी मिल रही है और न ही वेतन। कई युवक विदेश में फंसनेादे के मुताबिक नौकरी मिल रही है और न ही वेतन। कई युवक विदेश में फंसने को मजबूर हैं, जबकि कुछ को जेल तक जाना पड़ा है।
इन मामलों की गंभीरता को देखते हुए विदेश मंत्रालय ने मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी को अलर्ट किया है। पटना स्थित उत्प्रवासी संरक्षक कार्यालय के उत्प्रवासी संरक्षक संजय कुमार ने डीएम को पत्र भेजकर जिले में अवैध और अनधिकृत एजेंटों की बढ़ती सक्रियता पर चिंता जताई है। पत्र में बताया गया है कि रोजगार के लिए विदेश जाने वाले युवाओं की संख्या बढ़ने के साथ ही धोखाधड़ी के मामले भी सामने आ रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, अधिकांश युवाओं को वैध प्रवासन प्रक्रिया, अधिकृत भर्ती एजेंटों, ई-माइग्रेट पोर्टल, प्रवासियों के अधिकारों और विदेशों में भारतीय दूतावासों की सहायता व्यवस्था की जानकारी नहीं होती। इसी का फायदा उठाकर एजेंट उन्हें अपने जाल में फंसा लेते हैं। इसे रोकने के लिए जिले में जागरूकता शिविर आयोजित करने और युवाओं को सुरक्षित विदेश प्रवासन की जानकारी देने की अपील की गई है। साथ ही ऐसे गिरोहों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है।
दुबई की जेल में बंद है मुरौल का युवक:
विदेश में फंसे युवाओं के मामलों में मुरौल निवासी मो. जमालुद्दीन का मामला सामने आया है। आरोप है कि दरभंगा के एक एजेंट ने उसे मुंबई के रास्ते दुबई भेजा था, जहां उसे सेंटरिंग का काम मिला। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गया। आरोप के अनुसार, उसके नाम पर एक पाकिस्तानी एजेंट ने कर्ज ले लिया। करीब 38 लाख रुपये के कर्ज के मामले में जमालुद्दीन गिरफ्तार हो गया और फिलहाल दुबई की जेल में बंद है। उसकी पत्नी खुशबू बेगम पति की रिहाई के लिए गुहार लगा रही है।

कतर में नौकरी और वेतन का नहीं मिला वादा:
मीनापुर के मो. सलाम अंसारी को ऑटो इलेक्ट्रीशियन की नौकरी और बेहतर वेतन का आश्वासन देकर कतर भेजा गया था। लेकिन वहां उसे वादे के अनुरूप वेतन नहीं मिला। काम नहीं करने पर बार-बार निकालने की धमकी दी गई। इसी बीच दूसरी जगह नौकरी दिलाने का झांसा देकर कोलकाता के एक व्यक्ति ने उससे करीब डेढ़ लाख रुपये ठग लिए। सलाम की पत्नी अमीना परवीन के अनुसार, उनके पति किसी तरह विदेश में गुजारा कर रहे हैं, लेकिन जिस नौकरी और वेतन का वादा किया गया था, वह नहीं मिला।
90 से अधिक युवकों से 1.80 करोड़ की ठगी:
मुजफ्फरपुर के बैरिया स्थित इंपीरियल इंटरप्राइजेज के संचालकों पर 90 से अधिक बेरोजगार युवकों से करीब 1.80 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगा था। आरोपितों ने खाड़ी, यूरोपीय और अफ्रीकी देशों के फर्जी वीजा और टिकट देकर युवकों को मुंबई एयरपोर्ट भेज दिया। जांच के दौरान दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद युवकों को वापस लौटना पड़ा।
वहीं, पूर्वी चंपारण के चार युवकों को सिलाई का काम दिलाने के नाम पर टूरिस्ट वीजा पर रूस भेजने का मामला 23 नवंबर को सामने आया था। तीन युवक किसी तरह वापस लौट आए, जबकि एक युवक सयामुल हक अब भी रूस में फंसा हुआ है। इस मामले में पश्चिम चंपारण के शिकारगंज निवासी एजेंट मुन्ना महतो के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। युवक की मां ने सांसद डॉ. संजय जायसवाल को पत्र लिखकर बेटे की वापसी में मदद की गुहार लगाई है।
लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने विदेश में रोजगार के नाम पर हो रही ठगी और अवैध प्रवासन के खतरे को उजागर किया है। अब विदेश मंत्रालय की पहल पर जिला प्रशासन के सामने युवाओं को जागरूक करने और अनधिकृत एजेंटों पर कार्रवाई की चुनौती है।











