-मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र में चहारदीवारी निर्माण पर लगा ब्रेक, दो रैयतों ने जताया जमीन पर दावा
मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र के विस्तार की योजना को जमीन विवाद के कारण झटका लगा है। मोतीपुर के बरियारपुर में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) की ओर से कराए जा रहे चहारदीवारी निर्माण कार्य को दो रैयतों की आपत्ति के बाद रोकना पड़ा। निजी जमीन होने का दावा करते हुए दरवी देवी और विशुनदेव सिंह ने निर्माण कार्य पर विरोध जताया है। इससे औद्योगिक क्षेत्र के विकास कार्य की रफ्तार प्रभावित हो गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए बियाडा के उप महाप्रबंधक ने मोतीपुर के अंचलाधिकारी को पत्र भेजकर जमीन की वास्तविक स्थिति और कब्जे से संबंधित विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। बताया गया है कि बरियारपुर में खतियानी रकबा के अनुसार कुल 61.33 एकड़ जमीन उपलब्ध है। इसी जमीन पर चहारदीवारी का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान दोनों रैयतों ने जमीन पर अपना दावा प्रस्तुत करते हुए काम रुकवा दिया।

बियाडा ने अंचलाधिकारी से यह स्पष्ट करने को कहा है कि 61.33 एकड़ जमीन में किस व्यक्ति का कितने रकबा पर वास्तविक कब्जा है। साथ ही दरवी देवी और विशुनदेव सिंह के दावे का आधार क्या है, इसकी भी जानकारी मांगी गई है। अंचल कार्यालय से रिपोर्ट मिलने के बाद बियाडा आगे की कार्रवाई पर निर्णय लेगा।
गौरतलब है कि मोतीपुर औद्योगिक क्षेत्र को उत्तर बिहार के प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग और फूड प्रोसेसिंग केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां मेगा फूड पार्क, मक्का आधारित इथेनॉल इकाइयां, बायोगैस और सोलर प्लांट के साथ लेदर फुटवेयर क्लस्टर समेत कई औद्योगिक परियोजनाओं का विस्तार हो रहा है। इन परियोजनाओं से मुजफ्फरपुर सहित आसपास के जिलों में निवेश, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ऐसे में जमीन विवाद के कारण चहारदीवारी निर्माण रुकना औद्योगिक विकास के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं, औद्योगिक विस्तार के बीच स्थानीय स्तर पर प्रदूषण से जुड़ी चिंताएं भी सामने आती रही हैं। अब सबकी नजर अंचलाधिकारी की जांच रिपोर्ट और बियाडा के अगले कदम पर टिकी है।











