-शादी का झांसा देकर नाबालिग छात्रा से तीन लाख रुपये और जेवर ठगे, कांटी में छोड़कर फरार हुआ युवक
मुजफ्फरपुर। जिले के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले से प्रेम प्रसंग के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि साहेबगंज के एक युवक ने नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग छात्रा को शादी का झांसा देकर तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण ठग लिए। इसके बाद युवक छात्रा को कांटी थाना क्षेत्र में एनएच किनारे छोड़कर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, युवक ने छात्रा को अपने झांसे में लेकर नकदी और आभूषण हासिल कर लिए। घटना के बाद छात्रा को कांटी इलाके में छोड़ दिया गया। परिजनों को जब छात्रा के लापता होने की जानकारी मिली तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद परिजन कांटी से छात्रा को बरामद करने में सफल रहे। हालांकि, उसके पास से तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले।
घटना के बाद परिवार के लोग सदमे में हैं। परिजन अब मामले को लेकर थाने में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर आरोपों की पुष्टि और आगे की कार्रवाई कर सकती है।












