-वाहन जांच के दौरान बुलेट सवार युवक गिरफ्तार, देसी कट्टा और विदेशी शराब बरामद
राजापाकर, संजय श्रीवास्तव। बरांटी थाना क्षेत्र के कंसारा पोखर के समीप संध्या गश्ती के दौरान वाहन जांच अभियान में पुलिस ने एक बुलेट सवार युवक को गिरफ्तार कर उसके पास से देसी कट्टा और विदेशी शराब बरामद की है। वहीं बाइक पर पीछे बैठा उसका साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीटीसी रंजीत कुमार सशस्त्र बल के साथ कंसारा पोखर के पास संध्या गश्ती कर रहे थे। इसी दौरान फुलहारा बाजार की ओर से एक बुलेट मोटरसाइकिल तेज रफ्तार और लापरवाही से आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, तभी पीछे बैठा युवक बाइक से कूदकर भागने लगा और अपने हाथ में रखा नीले एवं उजाला रंग का प्लास्टिक बोरा फेंक दिया।
सशस्त्र बल के जवानों ने फरार युवक का पीछा किया, लेकिन वह ग्रामीण गलियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। इस बीच मोटरसाइकिल चला रहा युवक संतुलन खो बैठा और बाइक समेत गिर गया, जिससे उसे चोटें भी आईं। पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।

पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपनी पहचान राजा कुमार उर्फ लाभांशु राज, पिता मनजीत राय, निवासी पानापुर लंगा वार्ड संख्या-12 के रूप में बताई। पुलिस द्वारा फेंके गए प्लास्टिक बोरे की तलाशी लेने पर उसमें से 180 एमएल की 9 बोतल विदेशी शराब, कुल 1.620 लीटर, बरामद हुई। साथ ही बोरे से लोहे और लकड़ी से निर्मित एक देसी कट्टा भी मिला।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने बताया कि फरार युवक उसका मित्र वकील कुमार है, जो वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के पकौड़ी गांव का निवासी है। उसने बताया कि दोनों शराब और देसी कट्टा लेकर राजापाकर में किसी व्यक्ति को देने जा रहे थे।
पुलिस ने बरामद शराब, हथियार और मोटरसाइकिल को जब्त कर विधिवत जब्ती सूची तैयार की तथा मामला दर्ज कर लिया। गिरफ्तार आरोपी राजा कुमार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजते हुए हाजीपुर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।












