Advertisement

वसूली के आरोप में बेनीबाद थाने के सब-इंस्पेक्टर, सिपाही और चौकीदार निलंबित

-वसूली के आरोप में बेनीबाद थाने के सब-इंस्पेक्टर, सिपाही और चौकीदार निलंबित

दीपक कुमार/गायघाट(मुजफ्फरपुर)। बेनीबाद थाने में पुलिसकर्मियों के कथित अवैध लेन-देन से जुड़े वायरल ऑडियो के मामले में एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच रिपोर्ट के आधार पर बेनीबाद थाने में पदस्थापित सब-इंस्पेक्टर मौर्यन् दीपांकरण, सिपाही संख्या 636 सौरभ कुमार और चौकीदार गुल्टेन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। वहीं, थानाध्यक्ष पु०अ०नि० धीरेन्द्र कुमार सिंह से अधीनस्थ पुलिसकर्मियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रख पाने के संबंध में स्पष्टीकरण मांगा गया है।


पुलिस कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, बेनीबाद थाने के पुलिसकर्मियों से संबंधित एक ऑडियो क्लिप सामने आई थी, जिसमें कथित तौर पर अवैध लेन-देन की बातचीत थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने इसकी जांच एसडीपीओ पूर्वी-01 को सौंपी।
जांच के दौरान सामने आया कि स्थानीय ग्रामीणों द्वारा पकड़कर थाने लाए गए कुछ अभियुक्तों को संबंधित पुलिसकर्मियों ने वरीय अधिकारियों या थानाध्यक्ष को सूचना दिए बिना छोड़ दिया। जांच रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि इसके बदले एक निजी व्यक्ति के माध्यम से रकम का लेन-देन किया गया। ऑडियो में जिस निजी व्यक्ति का नाम सामने आया, उसके खिलाफ पूर्व से कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात भी जांच में कही गई है।
जांच में ओडी पदाधिकारी मौर्यन् दीपांकरण, सिपाही सौरभ कुमार और चौकीदार गुल्टेन कुमार की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर एसएसपी ने निलंबन की कार्रवाई की। थानाध्यक्ष धीरेन्द्र कुमार सिंह ने 14 अगस्त 2026 को पदभार ग्रहण किया था। जांच में उनकी सीधी संलिप्तता नहीं पाई गई, लेकिन अधीनस्थों पर नियंत्रण के मामले में उनसे जवाब मांगा गया है।