Advertisement

रोहुआ मठ में दो सदी पुरानी दंगल परंपरा का आयोजन, नामचीन पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच

-रोहुआ मठ में दो सदी पुरानी दंगल परंपरा का आयोजन, नामचीन पहलवानों ने दिखाए दांव-पेंच

मुजफ्फरपुर। मुशहरी प्रखंड के रोहुआ स्थित प्रसिद्ध राम जानकी मंदिर (रोहुआ मठ) परिसर में भव्य दंगल एवं कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। अखाड़े में उतरे पहलवानों के शानदार दांव-पेंच देखने के लिए आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक पहुंचे। पहलवानों के बीच हुए रोमांचक मुकाबलों का दर्शकों ने जमकर आनंद लिया।

कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए पैक्स अध्यक्ष ब्रजेंद्र शर्मा ने बताया कि रोहुआ मठ का यह दंगल करीब दो सदी पुरानी परंपरा का हिस्सा है। उनके अनुसार, मठ परिसर में पिछले करीब 200 वर्षों से दंगल प्रतियोगिता आयोजित होती आ रही है। प्राचीन समय में गांव के बुजुर्गों ने सामाजिक सौहार्द बढ़ाने और युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से इस परंपरा की शुरुआत की थी, जिसे वर्तमान पीढ़ी भी पूरी निष्ठा के साथ आगे बढ़ा रही है।

इस ऐतिहासिक दंगल में स्थानीय पहलवानों के साथ-साथ स्टेट और नेशनल स्तर पर अपनी पहचान बना चुके कई पहलवानों ने भी हिस्सा लिया। अखाड़े में पहलवानों ने अपने दमखम और कुश्ती के हुनर का प्रदर्शन किया। अलग-अलग मुकाबलों में पहलवानों के दांव-पेंच ने दर्शकों को रोमांचित किया।

प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले एवं विजयी पहलवानों को आयोजकों की ओर से नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रोहुआ मठ में आयोजित होने वाला यह वार्षिक दंगल पारंपरिक खेल और कुश्ती की संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भी जीवंत बनाए हुए है। दो सौ वर्षों से चली आ रही यह परंपरा आज भी ग्रामीणों और युवाओं के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।