-राजापाकर में निकली भव्य कलश यात्रा, अष्टयाम यज्ञ से भक्तिमय हुआ क्षेत्र
राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर उत्तरी पंचायत के चौरी पर ग्राम स्थित वार्ड संख्या-8 में नीलकंठ तपेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर में आयोजित 24 घंटे के अष्टयाम यज्ञ को लेकर शुक्रवार को 551 महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। हाथी-घोड़े, बैंड-बाजे और धार्मिक जयघोष के साथ निकली इस कलश यात्रा ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
कलश यात्रा के लिए महिलाएं हाजीपुर के कौनहारा घाट से गंगाजल लेकर पहुंचीं। इसके बाद कबीर मठ आश्रम के समीप स्थित काली मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश में गंगाजल भरा गया। वहां से महिलाएं सिर पर कलश लेकर राजापाकर बाजार, हाई स्कूल चौक, भुवनेश्वर चौक और कुशवाहा चौक होते हुए यज्ञ स्थल चौरी पर गांव पहुंचीं।
यज्ञ स्थल पहुंचने के बाद मंदिर की पांच बार परिक्रमा कर आचार्य द्वारा धार्मिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश की स्थापना की गई। इसके उपरांत दोपहर 12 बजे से 24 घंटे का अष्टयाम यज्ञ आरंभ हुआ। “हरे राम-हरे कृष्णा” और “गौरीशंकर सीताराम” की धुन से पूरा इलाका भक्तिमय माहौल में डूब गया।

कलश यात्रा को देखने के लिए राजापाकर बाजार के दोनों ओर महिला, पुरुष और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ी रही। ग्रामीणों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले वर्ष इसी दिन नीलकंठ तपेश्वर नाथ शिव मंदिर की स्थापना हुई थी। मंदिर स्थापना की प्रथम वर्षगांठ के अवसर पर कलश यात्रा एवं अष्टयाम यज्ञ का आयोजन किया गया है। वहीं शनिवार को यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद रात्रि में भव्य राम विवाह कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।
कार्यक्रम के व्यवस्थापकों में सेवानिवृत्त कैप्टन महेंद्र राय, टूना राय, जवाहर राय, रामदेनी सिंह सहित कई ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं।












