राजापाकर में नल-जल योजना बनी शोपीस, नौ महीने बाद भी नहीं पहुंचा पानी, ग्रामीणों में आक्रोश

-राजापाकर में नल-जल योजना बनी शोपीस, नौ महीने बाद भी नहीं पहुंचा पानी, ग्रामीणों में आक्रोश

राजापाकर – संजय श्रीवास्तव।
लाखों रुपये की लागत से बनी नल-जल योजना ग्रामीणों के लिए राहत बनने के बजाय परेशानी का सबब बन गई है। मामला राजापाकर प्रखंड क्षेत्र के राजापाकर दक्षिणी पंचायत अंतर्गत वार्ड संख्या 13 जहिंगरा टोला का है, जहां अप्रैल 2025 में नल-जल योजना के तहत बोरिंग कर जलमीनार का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन नौ महीने बीत जाने के बाद भी टावर चालू नहीं हो सका है।
ग्रामीण हरिशंकर कुमार सहित दर्जनों लोगों ने बताया कि ठेकेदार की मनमानी के कारण अब तक जलापूर्ति शुरू नहीं हो पाई है। पानी की भारी किल्लत से जूझ रहे ग्रामीणों में इसको लेकर गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि योजना कागजों में पूरी दिख रही है, जबकि जमीनी हकीकत कुछ और ही है।


ग्रामीणों ने विभाग से जल्द से जल्द जलमीनार चालू कराने की मांग की है। इस संबंध में कनिय अभियंता अनामिका कुमारी से फोन पर बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि यह योजना लेक्ट आउट टोला के अंतर्गत स्वीकृत थी। नल-जल टावर को चालू करने को लेकर कई बार शिकायतें मिली हैं। संवेदक को हिदायत दी गई है और वरीय पदाधिकारी को भी पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि फरवरी माह तक टावर चालू कर दिया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को पानी की समस्या से राहत मिल सके।
इस मौके पर ग्रामीण हरिशंकर कुमार गुड्डू, संजय सिंह, राजीव कुमार सिंह, संतोष कुमार सिंह, डॉ. मिलन सिंह, शांति देवी, मिंता देवी, इंदु देवी, आरती देवी, रानी देवी, रेणु देवी, गुड़िया देवी तथा पूर्व विधायक प्रतिनिधि राजीव रंजन सहित कई लोग उपस्थित थे।