Advertisement

राजापाकर में चोरी मामले का खुलासा, मसाला दुकान से चोरी का सामान बरामद, दो गिरफ्तार

-राजापाकर में चोरी मामले का खुलासा, मसाला दुकान से चोरी का सामान बरामद, दो गिरफ्तार

राजापाकर-संजय श्रीवास्तव। राजापाकर थाना के सामने स्थित बखरी बड़ाई गांव निवासी भरत साह के श्री महावीर आधुनिक फ्लावर मिल एवं मसाला स्टोर में बीते 24 अप्रैल को हुई चोरी मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने चोरी के सामान भी बरामद किए हैं।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित दुकानदार भरत साह ने चोरी की घटना को लेकर एक व्यक्ति को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की जांच के दौरान शक के आधार पर राजापाकर पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में गिरफ्तार व्यक्ति अर्जुन सिंह उर्फ बिट्टू ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली तथा चोरी किए गए सामान को बेचे जाने की जानकारी भी पुलिस को दी।

इसके बाद थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन कर राजापाकर हाई स्कूल चौक स्थित एक किराना दुकान में छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दुकान से चोरी का सामान बरामद किया गया, जिसमें तिसी 18.330 किलोग्राम, काली मिर्च 7.860 किलोग्राम तथा जीरा 23.340 किलोग्राम शामिल है। पुलिस ने दुकान संचालक को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राजापाकर छावनी निवासी स्वर्गीय दिनेश सिंह के पुत्र अर्जुन सिंह उर्फ बिट्टू तथा राजापाकर पूर्वी टोला निवासी रामसरीख राय के पुत्र वीरेंद्र राय के रूप में हुई है। दोनों को आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

छापेमारी दल में थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा, अपर थानाध्यक्ष संदीप मंडल, एएसआई सजीवन पासवान सहित अन्य पुलिस बल शामिल रहे।

वहीं, मामले में नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष गौरीशंकर बैठा ने बताया कि नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

बताया जा रहा है कि श्री महावीर आधुनिक फ्लावर मिल एवं मसाला स्टोर में लगातार पांच बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे व्यवसायी वर्ग में चिंता का माहौल बना हुआ है।