-राजापाकर में खुरहा-मुंहपका रोग से बचाव के लिए एफएमडी टीकाकरण अभियान शुरू
राजापाकर। पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग की ओर से प्रखंड क्षेत्र के राजापाकर उत्तरी पंचायत के भाथादासी गांव में खुरहा-मुंहपका (एफएमडी) रोग से बचाव के लिए निशुल्क टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पंचायत की मुखिया सरिता पटेल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिला-पुरुष पशुपालक एवं प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पशु चिकित्सक डॉ. गणेश शंकर विद्यार्थी ने बताया कि खुरहा-मुंहपका रोग पशुओं के लिए अत्यंत संक्रामक बीमारी है। इस रोग में पशुओं के पैरों में सूजन, घाव, बुखार तथा मुंह से अत्यधिक लार गिरने जैसी समस्याएं होती हैं। उन्होंने कहा कि समय पर एफएमडी का टीका लगवाने से इस बीमारी की आशंका काफी हद तक समाप्त हो जाती है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपने पशुओं का निशुल्क टीकाकरण कराने की अपील की।

डॉ. विद्यार्थी ने बताया कि विभाग की ओर से सभी पंचायतों में टीकाकर्मियों की नियुक्ति की गई है, जो घर-घर जाकर पशुओं को निशुल्क टीका लगाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि चार माह से कम उम्र के पशु शावकों को यह टीका नहीं लगाया जाएगा, जबकि अन्य सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण किया जाएगा।
मुखिया सरिता पटेल ने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और ग्रामीण क्षेत्रों में अधिकांश परिवार पशुपालन के माध्यम से अपनी आजीविका चलाते हैं। ऐसे में पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाने के लिए टीकाकरण बेहद आवश्यक है। उन्होंने सभी पशुपालकों से इस अभियान का लाभ उठाने और अपने पशुओं का समय पर टीकाकरण कराने की अपील की।
कार्यक्रम में पशु चिकित्सक डॉ. अदिति कुमारी, मुकेश पटेल सहित प्रखंड के सभी टीकाकर्मी मौजूद रहे। टीकाकर्मियों में विशंभर कुमार, शत्रुघ्न कुमार, अमरेश कुमार, बिरजू कुमार, राजकुमार रवि सहित अन्य कर्मियों ने अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।












