Advertisement

मौसम: जानिए,बिहार में कहां गरजेंगे और कहां बरसेंगे बादल

-पटना व आसपास के जिलों में छाएंगे बादल, इन स्थानों पर अगले चार दिनों तक बारिश के आसार

 

पटना/मुजफ्फरपुर।सम्वाददाता।

सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। मेघ गर्जन व वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। आज पटना व आसपास के जिलों में बादल छाए रहेंगे।
कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा हो सकती है। कल के मौसम की बात की जाए तो शनिवार को पटना व आसपास इलाकों में बादल छाए रहने के साथ हल्की वर्षा हई। सुपौल, दरभंगा, पूर्णिया समेत उत्तरी भागों में वर्षा होने से मौसम सुहाना बना रहा।

मुजफ्फरपुर में 48 घंटे में भारी वर्षा की संभावना
मौसम विभाग ने मुजफ्फरपुर में मानसून की सक्रियता बरकरार रहने की पूर्वानुमान रिपोर्ट जारी की है। इसके अनुसार जिला और आसपास के इलाकों में अगले 48 घंटे में भारी बारिश की संभावना है।

शनिवार को जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के अनुसार, अधिकतम तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यह सामान्य से 1.0 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा।
मौसमीय वेधशाला पूसा के आंकलन के अनुसार, पिछले तीन दिनों का औसत अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 29.0 एवं 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। औसत सापेक्ष आर्द्रता 98 प्रतिशत सुबह में एवं दोपहर में 92 प्रतिशत, हवा की औसत गति 3.7 किमी प्रति घंटा रही। इस अवधि में 263.4 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई।
वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि अगले चार दिनों तक बारिश होगी। यदि केवल अगले 48 घंटे की बात की जाए तो मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। अधिकतम तापमान 30 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रह सकता है।