Advertisement

मोतीपुर में आपसी रंजिश में भाई पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती

-मोतीपुर में आपसी रंजिश में भाई पर चाकू से हमला, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती

मुजफ्फरपुर। जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के भवानीडीह गांव में शनिवार रात आपसी रंजिश को लेकर दो भाइयों के बीच हिंसक घटना हो गई। आरोप है कि एक भाई ने अपने सगे भाई पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल नंदलाल भगत को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, भवानीडीह निवासी दशरथ भगत के तीन पुत्र शंकर भगत, नंदलाल भगत और राजू कुमार हैं। बताया जाता है कि करीब तीन दिन पहले नंदलाल भगत और शंकर भगत के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इस घटना के बाद दोनों भाइयों के बीच तनाव बना हुआ था।


आरोप है कि शनिवार रात शंकर भगत ने किसी बहाने से नंदलाल भगत को अपने बथान पर बुलाया। वहां दोनों के बीच विवाद के दौरान शंकर ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे नंदलाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर मोतीपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। मोतीपुर थानाध्यक्ष हेमंत कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची थी। मामले की गहन जांच की जा रही है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।