Advertisement

मोतिहारी में शराबबंदी की खुली पोल, 4 बैंककर्मियों समेत पांच गिरफ्तार

-मोतिहारी में शराबबंदी की खुली पोल, 4 बैंककर्मियों समेत पांच गिरफ्तार

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद मोतिहारी शहर में शराब पार्टी का मामला सामने आया है। नगर थाना क्षेत्र के बेलबनवा मोहल्ले में शराब पी रहे पांच लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनमें चार लोगों के बैंककर्मी होने की बात बताई जा रही है, जबकि पांचवां व्यक्ति बैंक में निजी तौर पर काम करता है।
बताया गया कि पांचों एक स्थान पर बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी ने इसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां अफरातफरी मच गई और सभी इधर-उधर छिपने व भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर पांचों को पकड़ लिया और हिरासत में लेकर नगर थाना पहुंची।


थाने में सभी का ब्रेथ एनालाइजर से जांच कराया गया, जिसमें शराब सेवन की पुष्टि होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
नगर थाना क्षेत्र के समीप शहर के बीच शराब पार्टी का मामला सामने आने के बाद शराबबंदी कानून के क्रियान्वयन पर भी सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि सख्त निगरानी के बावजूद शहर में शराब पहुंचना चिंता का विषय है। पुलिस पूरे मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।