Advertisement

मोतिहारी में बरामद लावारिस बाइक निकली मुजफ्फरपुर लूटकांड की, HHD मशीन से खुला बड़ा राज

-मोतिहारी में बरामद लावारिस बाइक निकली मुजफ्फरपुर लूटकांड की, HHD मशीन से खुला बड़ा राज

मुजफ्फरपुर/मोतिहारी। पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के बीजधरी थाना क्षेत्र में पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर सुंदरपुर गांव से बिना नंबर प्लेट लगी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल बरामद की गई। शुरुआती जांच में ही यह स्पष्ट हो गया कि बाइक लूट की वारदात से जुड़ी हुई है। इस बरामदगी से पुलिस को अपराधियों तक पहुंचने के कई अहम सुराग मिले हैं।
लावारिस हालत में मिली मोटरसाइकिल पर कोई नंबर प्लेट नहीं थी। इसके बाद पुलिस ने हैंड हेल्ड डिवाइस (HHD) मशीन की मदद से बाइक के चेसिस नंबर की जांच की। जांच में वाहन का वास्तविक रजिस्ट्रेशन नंबर BR05BU-1684 और इंजन नंबर सामने आया। इसके बाद वाहन मालिक से संपर्क करने पर पता चला कि बाइक लूट ली गई थी।


आगे की जांच में खुलासा हुआ कि इस मोटरसाइकिल की लूट के संबंध में मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना में कांड संख्या 513/26 के तहत आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज है।
बीजधरी थाना पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को जब्त कर इसकी आधिकारिक सूचना साहेबगंज थाना पुलिस को दे दी है। अब दोनों जिलों की पुलिस समन्वय के साथ मामले की जांच कर रही है। साथ ही बाइक को लावारिस छोड़कर फरार हुए अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
पुलिस का मानना है कि इस बरामदगी से लूटकांड में शामिल गिरोह तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सफलता मिल सकती है।