-मोतिहारी में बड़ी वारदात टली, STF-डीआईयू और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 5 शातिर अपराधी गिरफ्तार
मोतिहारी। पूर्वी चंपारण जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। छतौनी थाना पुलिस, डीआईयू और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए पांच हथियारबंद शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इनके पास से दो देसी पिस्टल, चार मोबाइल फोन और एक तीन पहिया टेम्पो बरामद किया है। माना जा रहा है कि सभी अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी तीन पहिया टेम्पो पर सवार होकर बाईपास रोड के रास्ते किसी बड़ी घटना को अंजाम देने निकल रहे हैं। सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।
जैसे ही संदिग्ध टेम्पो बाईपास रोड पर पहुंचा, पुलिस टीम ने चारों ओर से घेराबंदी कर कार्रवाई शुरू कर दी। मौके से अब्बास खान, अबरार अंसारी और इम्तेयाज खान को गिरफ्तार किया गया। तीनों हरसिद्धि थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्टल बरामद हुई।

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उनकी निशानदेही पर पकड़ीदयाल के मठिया इलाके में छापेमारी की। वहां से रंजीत कुमार कुशवाहा और रोहित कुमार को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से एक और देसी पिस्टल, मोबाइल फोन और टेम्पो बरामद किया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सभी आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उनके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई इस कार्रवाई से शहर में होने वाली एक संभावित बड़ी खूनी वारदात को टाल दिया गया।
इस संयुक्त अभियान में छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार पासवान, अपर थानाध्यक्ष श्रीकांत चौहान, डीआईयू के नीतीश कुमार तथा एसटीएफ की टीम की अहम भूमिका रही।











