-मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड के लेवल क्रॉसिंग होंगे हाईटेक
-सिग्नलिंग व्यवस्था पर 1.76 करोड़ खर्च
मुजफ्फरपुर। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर रेल मंडल ने सुरक्षित और सुचारु रेल परिचालन को लेकर बड़ा कदम उठाया है। इसके तहत मुजफ्फरपुर-हाजीपुर रेलखंड सहित मंडल के विभिन्न व्यस्त रेल मार्गों पर स्थित लेवल क्रॉसिंग (एलसी) फाटकों की सिग्नलिंग व्यवस्था का आधुनिकीकरण किया जाएगा। इस परियोजना से रेलवे फाटकों की कार्यक्षमता बढ़ेगी और ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित एवं निर्बाध हो सकेगा।
रेलवे इस आधुनिकीकरण योजना पर करीब 1.76 करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसके लिए सोनपुर रेल मंडल प्रशासन ने निविदा जारी कर दी है और जल्द ही कार्य शुरू होने की संभावना है।

रेल अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में कई लेवल क्रॉसिंग पर लगे पुराने इलेक्ट्रॉनिक लिफ्टिंग बैरियर (ईएलबी) के पुर्जे खराब होने के कारण अक्सर बूम अटकने और सिग्नल फेल होने जैसी समस्याएं सामने आती हैं। इससे रेल परिचालन प्रभावित होने के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी जोखिम भी बढ़ जाता है।
नई तकनीक से लैस सिग्नलिंग प्रणाली लगाए जाने के बाद इन समस्याओं पर काफी हद तक रोक लगेगी। इससे लेवल क्रॉसिंग फाटकों का संचालन अधिक विश्वसनीय होगा, ट्रेनों की आवाजाही सुचारु रहेगी और सड़क तथा रेल यातायात दोनों की सुरक्षा में सुधार होगा।
रेलवे का मानना है कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित रेल सेवा का लाभ मिलेगा, वहीं परिचालन में होने वाली तकनीकी बाधाएं भी काफी कम हो जाएंगी।












