-मुजफ्फरपुर समाहरणालय में एमएलसी चुनाव के दौरान हंगामा
-मजिस्ट्रेट से धक्का-मुक्की का आरोप
-डीएम और एसएसपी मौके पर पहुंचे
-सुरक्षा बलों ने भीड़ को हटाकर दोनों उम्मीदवारों के कैंप खाली कराए
मुजफ्फरपुर। तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान के दौरान शुक्रवार को समाहरणालय परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्र के पास बनाए गए उम्मीदवारों के कैंप में भीड़ को हटाने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की किए जाने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार, समाहरणालय परिसर में शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां भाजपा उम्मीदवार नरेंद्र सिंह और कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के उम्मीदवार संजय सिंह के समर्थकों ने अपने-अपने कैंप लगाए थे। इसी बीच ड्यूटी पर तैनात मजिस्ट्रेट भाजपा उम्मीदवार के कैंप में पहुंचे। वहां अधिक भीड़ देखकर उन्होंने लोगों को जगह खाली करने को कहा। इस पर कुछ समर्थक नाराज हो गए और मजिस्ट्रेट से उनकी पहचान पूछने लगे।

इसके बाद समर्थकों ने दूसरे उम्मीदवार संजय सिंह के कैंप को भी खाली कराने की बात कही। इसी मुद्दे को लेकर विवाद बढ़ गया और परिसर में हंगामा शुरू हो गया। आरोप है कि इस दौरान मजिस्ट्रेट के साथ धक्का-मुक्की भी की गई, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतिश कुमार मिश्रा मौके पर पहुंचे। सुरक्षा बलों ने हंगामा कर रहे लोगों को हटाया और दोनों उम्मीदवारों के कैंप खाली करा दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बिगाड़ने या प्रशासनिक कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासनिक अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद स्थिति नियंत्रित हो गई। डीएम और एसएसपी के पहुंचने के बाद दोनों कैंपों में सन्नाटा पसर गया। इसके बाद समाहरणालय परिसर में चुनावी व्यवस्था को सामान्य बनाए रखने के लिए प्रशासन सतर्क रहा।












