Advertisement

मुजफ्फरपुर में SSP का बड़ा एक्शन: चार थानेदार लाइन हाजिर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

-मुजफ्फरपुर में SSP का बड़ा एक्शन: चार थानेदार लाइन हाजिर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

मुजफ्फरपुर। बिहार में बढ़ते अपराध के ग्राफ ने पुलिस महकमे की चिंता बढ़ा दी है। इसी बीच कांतेश कुमार मिश्रा ने कड़ा रुख अपनाते हुए एक ही झटके में चार थानेदारों को लाइन हाजिर कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और साफ संकेत मिल गया है कि अब लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं होगी।
सूत्रों के अनुसार जिले में लगातार बढ़ रही चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं को लेकर SSP पहले से ही सख्त थे। हाल ही में आयोजित क्राइम मीटिंग में उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि बेहतर काम करने वाले अफसरों को पुरस्कृत किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों पर सीधे कार्रवाई होगी।
इसी क्रम में टाउन थाना के प्रभारी अनोज कुमार, मिठनपुरा थाना के संतोष कुमार पंकज, देवरिया थाना के मनोज कुमार साह और पानापुर करियात के थानेदार साहुल कुमार को लाइन हाजिर किया गया है। पुलिस महकमे में इसे सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।


वहीं, चारों थानों की कमान अब नए अधिकारियों को सौंपी गई है। नगर थाना में पुलिस निरीक्षक जय प्रकाश सिंह को जिम्मेदारी दी गई है, मिठनपुरा थाना में अजय कुमार को पदस्थापित किया गया है, जो पहले ट्रैफिक थानेदार थे। देवरिया थाना की जिम्मेदारी रोहित कुमार को और पानापुर करियात थाना की कमान सुचित्रा कुमारी को दी गई है।
इस कार्रवाई के बाद विभाग के अंदर खलबली मची हुई है। चर्चा है कि अब सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों को लेकर सतर्क हो जाएंगे और कार्यशैली में तेजी लाएंगे।
SSP का साफ संदेश है कि काम में किसी भी प्रकार की कोताही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सख्ती से यह संकेत मिल रहा है कि मुजफ्फरपुर पुलिस अब अपराध पर लगाम कसने के लिए पूरी तरह एक्शन मोड में है।