Advertisement

मुजफ्फरपुर में 14.74 करोड़ की लागत से लगेगी आधुनिक फर्नीचर निर्माण इकाई

-मुजफ्फरपुर में 14.74 करोड़ की लागत से लगेगी आधुनिक फर्नीचर निर्माण इकाई

-50 लोगों को मिलेगा रोजगार

मुजफ्फरपुर/पटना।दीपक। बिहार में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए औद्योगिक क्षेत्र (आईए) डुमरिया, मुजफ्फरपुर में आधुनिक फर्नीचर एवं इंटीरियर उत्पाद निर्माण इकाई स्थापित करने की मंजूरी दी गई है। M/s City Advertising द्वारा लगभग 14.74 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली इस परियोजना से राज्य के विनिर्माण क्षेत्र को मजबूती मिलने के साथ ही करीब 50 प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
उद्योग विभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह इकाई 0.46 एकड़ भूमि पर स्थापित होगी, जहां मॉड्यूलर फर्नीचर, स्टील आलमारी तथा घरेलू एवं कार्यालय उपयोग के इंटीरियर उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। इससे बिहार में आधुनिक फर्नीचर उद्योग को नई गति मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर कौशल विकास और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस परियोजना को बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (BIADA) की परियोजना समाशोधन समिति (PCC) की बैठक में स्वीकृति प्रदान की गई।


उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि बिहार सरकार विभिन्न विनिर्माण क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित कर राज्य को आधुनिक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं स्थानीय उद्योगों को मजबूती देने के साथ रोजगार सृजन और आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
वहीं, उद्योग विभाग के सचिव सह प्रबंध निदेशक, बियाडा एवं आएडा कुंदन कुमार ने कहा कि राज्य में निवेशकों को बेहतर आधारभूत संरचना, पारदर्शी प्रक्रियाएं और निवेशक-अनुकूल नीतियां उपलब्ध कराई जा रही हैं। उनके अनुसार, फर्नीचर एवं इंटीरियर उत्पाद निर्माण जैसे क्षेत्रों में बढ़ता निवेश बिहार के औद्योगिक विकास को नई गति देगा तथा युवाओं के लिए रोजगार और उद्यमिता के नए अवसर पैदा करेगा।