-मुजफ्फरपुर में महिला संवाद का समापन: दो महीनों में 8 लाख दीदियों की अभूतपूर्व भागीदारी
मुजफ्फरपुर | 17 जून 2025 | विशेष संवाददाता
राज्य के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा 17 अप्रैल से चलाए जा रहे महिला संवाद कार्यक्रम का आज 17 जून को मुजफ्फरपुर में भव्य समापन हो गया। इस दो माह लंबे अभियान ने न सिर्फ महिलाओं को सरकार की योजनाओं से जोड़ा, बल्कि जन आकांक्षाओं को समझने और समाधान का रास्ता देने की दिशा में एक मिसाल कायम की।
मुजफ्फरपुर बना राज्य में अग्रणी:
जहां पूरे बिहार में महिला संवाद का आयोजन हुआ, वहीं मुजफ्फरपुर सबसे आगे रहा। जिले में 3507 स्थानों पर महिला संवाद आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 8 लाख महिलाएं, खासकर जीविका से जुड़ी दीदियाँ, शामिल हुईं। शुरुआत में 29 गाड़ियों से प्रतिदिन 58 कार्यक्रम आयोजित किए जाते थे, जबकि अंतिम चरण में यह संख्या बढ़कर 44 गाड़ियाँ व 88 कार्यक्रम प्रतिदिन हो गई।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में डिजिटल प्रयास:
कार्यक्रम के दौरान डिजिटल रथों के माध्यम से सरकार की योजनाओं पर आधारित फिल्में दिखाई गईं। दीदियों ने स्वयं अपने अनुभव साझा किए, जिससे नई महिलाओं को जागरूकता और प्रेरणा मिली। कार्यक्रम के दौरान 97 हजार से अधिक जन आकांक्षाएं दर्ज की गईं, जिनके समाधान के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में साप्ताहिक समीक्षा बैठकें की जा रही हैं।
दीदियों की कहानियाँ बनीं राज्य की पहचान:
संगम संकुल संघ, समर्पण बीज प्रसंस्करण इकाई और दीदी की रसोई जैसी सफल पहलों की कहानियाँ महिला संवाद के दौरान पूरे राज्य को दिखाई गईं। संचार प्रबंधक राजीव रंजन ने बताया कि इन प्रेरणादायक कहानियों को बीते दो वर्षों में फिल्माया गया, ताकि अन्य जिलों की महिलाएं भी सीख सकें।
ऐतिहासिक रहा यह आयोजन:
जीविका की डीपीएम अनीशा ने इसे अब तक का सबसे बड़ा महिला जागरूकता कार्यक्रम बताया। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की सफलता में जिले के सैकड़ों जीविका कर्मियों, हजारों कैडरों और प्रखंड परियोजना प्रबंधकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।











