-मुजफ्फरपुर में ब्यूटी-मसाज पार्लरों की आड़ में देह व्यापार का खुलासा, एक पुरुष समेत 12 महिलाएं गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर। शहर में ब्यूटी और मसाज पार्लरों की आड़ में चल रहे कथित देह व्यापार के नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। गुरुवार को नगर और काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्रों में पुलिस की विशेष टीम ने कई पार्लरों में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान एक पुरुष और 12 महिलाओं को पकड़ा गया। पुलिस ने दो नाबालिग लड़कियों को भी इस गिरोह के चंगुल में फंसने से पहले बरामद कर लिया। छापेमारी के दौरान कई मोबाइल फोन और आपत्तिजनक सामान बरामद किए गए हैं। एफएसएल की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि कथित नेटवर्क में काम दिलाने का झांसा देकर लड़कियों को फंसाया जाता था। खासकर नाबालिग लड़कियों को बेहतर नौकरी और कम मेहनत में अच्छी कमाई का सपना दिखाकर इस धंधे में धकेले जाने की बात सामने आई है। ग्राहकों से संपर्क करने के लिए सोशल मीडिया और वाट्सएप का इस्तेमाल किया जाता था। संभावित ग्राहकों को लड़कियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं। ग्राहक के पसंद करने के बाद रेट और लोकेशन वाट्सएप के माध्यम से भेजी जाती थी।
पुलिस की पूछताछ में यह भी जानकारी मिली कि ग्राहकों से पहले भुगतान कराया जाता था और इसके बाद उन्हें बताए गए ब्यूटी या मसाज पार्लर में भेजा जाता था। पूछताछ में करीब पांच हजार रुपये तक रेट तय किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
मामले का खुलासा पानापुर करियात थाना क्षेत्र से एक नाबालिग लड़की के लापता होने के बाद शुरू हुई जांच से हुआ। परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर उसकी बरामदगी की गुहार लगाई थी। पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम के माध्यम से लड़की की पहचान बेंगलुरु के एक युवक से हुई थी। 12 जुलाई को उससे मिलने वह मुजफ्फरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची थी, जहां उसकी मुलाकात संजय साह उर्फ सूरज साह नामक व्यक्ति से हुई।

पुलिस के मुताबिक, संजय ने उसे जल्द नौकरी दिलाने और कम मेहनत में बेहतर जिंदगी का भरोसा दिया। इसके बाद उसे एक ब्यूटी पार्लर में भेज दिया गया। पुलिस की विशेष टीम ने तकनीकी और सर्विलांस के आधार पर संजय को गिरफ्तार किया। उससे मिली जानकारी के आधार पर काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर नाबालिग को बरामद किया गया।
पुलिस ने बताया कि बरामद नाबालिग से पूछताछ में पार्लरों के कथित नेटवर्क से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलीं। इसके बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर विशेष टीम ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई शुरू की। नयाटोला और धर्मशाला चौक के कटही पुल रोड समेत कई इलाकों में छापेमारी की गई।
कटही पुल रोड में दोपहर करीब पौने चार बजे पुलिस टीम के पहुंचते ही कथित धंधे से जुड़े लोग भागने लगे। कुछ महिलाएं भी पार्लर छोड़कर भागने का प्रयास करने लगीं। डीएसपी पश्चिमी-वन सुचित्रा कुमारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने मौके से कई लोगों को पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, कुछ लोग रेलवे लाइन की ओर भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश की जा रही है।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। स्थानीय स्तर पर दुकानदारों की कथित मिलीभगत के आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि छापेमारी के दौरान मिले मोबाइल फोन और अन्य सामान की जांच से नेटवर्क से जुड़े और लोगों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकती है।
नगर एएसपी वन सुरेश कुमार ने बताया कि ब्यूटी और मसाज पार्लरों में देह व्यापार की सूचना मिलने के बाद नगर और काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि छापेमारी के दौरान संचालिका समेत 12 युवतियों और एक युवक को गिरफ्तार किया गया है। मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद हुए हैं और एफएसएल की टीम ने साक्ष्य संकलन किया है। मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पूर्व में सामने आए ऐसे मामलों को भी ध्यान में रखते हुए शहर में संचालित ब्यूटी और मसाज पार्लरों की गतिविधियों की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।












