-मुजफ्फरपुर में दर्दनाक सड़क हादसा: पिकअप और बाइक की टक्कर में युवक की मौत, एक घायल
मुजफ्फरपुर। जिले के गायघाट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हसना के समीप NH-527C पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिकअप वाहन (BR06GB9073) और मोटरसाइकिल (BR06AW8649) की आमने-सामने की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान रामनगर निवासी आशीष कुमार (38 वर्ष), पिता स्वर्गीय जीवन प्रसाद सिंह के रूप में हुई है। हादसा इतना भीषण था कि आशीष कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

वहीं, दुर्घटना में सूरज कुमार (22 वर्ष), पिता मनोज चौरसिया घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही गायघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक NH-527C पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।











