Advertisement

मुजफ्फरपुर में एसएसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण को लेकर थानेदारों को सख्त निर्देश

-मुजफ्फरपुर में एसएसपी की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा बैठक, अपराध नियंत्रण को लेकर थानेदारों को सख्त निर्देश

-लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी और आगामी पर्व-त्योहारों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर

मुजफ्फरपुर। जिले में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर सहित जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं विभिन्न पुलिस शाखाओं के प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में पिछले माह के दौरान जिले में हुई आपराधिक घटनाओं और पुलिस की कार्रवाई की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान लंबित कांडों के निष्पादन, गंभीर मामलों के अनुसंधान, वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी, वारंट एवं कुर्की के निष्पादन तथा जिले में विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके साथ ही भूमि विवाद, महिला अपराध, साइबर अपराध तथा शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की भी समीक्षा की गई।


वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सक्रियता और तत्परता के साथ प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने लंबित मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पूरा करने, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा संवेदनशील मामलों में बिना देरी कार्रवाई करने पर जोर दिया।
एसएसपी ने आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और पुलिसिंग में पारदर्शिता बनाए रखने का भी निर्देश दिया। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर चर्चा हुई। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बरतने, नियमित गश्ती करने और किसी भी परिस्थिति में पुलिस व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।