-मुजफ्फरपुर की रूपा का अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल टूर्नामेंट के लिए चयन, चीनी ताइपे में दिखाएंगी दम
मुजफ्फरपुर। खेल के क्षेत्र में मुजफ्फरपुर और बिहार के लिए गौरव की खबर है। मुजफ्फरपुर सॉफ्टबॉल एसोसिएशन की प्रतिभाशाली खिलाड़ी रूपा का चयन अंतरराष्ट्रीय सॉफ्टबॉल टूर्नामेंट के लिए हुआ है। वह 12 से 17 अक्टूबर 2026 तक पुाली, ताइपे, चीनी ताइपे में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
सॉफ्टबॉल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के महासचिव डॉ. प्रवीण अनाओकर की ओर से 29 अगस्त 2026 को जारी पत्र के अनुसार चयनित खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिता से पहले विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा। यह विशेष कोचिंग कैंप 8 से 13 सितंबर 2026 तक संजीवनी यूनिवर्सिटी, कोपरगांव, महाराष्ट्र में आयोजित होगा। प्रशिक्षण शिविर के बाद खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए रवाना होंगे।
रूपा वर्तमान में वूमेन्स कॉलेज, समस्तीपुर की छात्रा हैं, जो ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से संबद्ध है। उनके पिता विनोद कुमार यादव और माता पुष्पा कुमारी हैं। रूपा ने निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण के दम पर यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है।

रूपा के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन से मुजफ्फरपुर सॉफ्टबॉल एसोसिएशन और बिहार सॉफ्टबॉल एसोसिएशन में खुशी का माहौल है। खेल से जुड़े पदाधिकारियों और प्रशिक्षकों ने उनके चयन पर प्रसन्नता जताते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। एसोसिएशन की ओर से खिलाड़ियों को लगातार प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाता रहा है। रूपा का चयन बिहार में सॉफ्टबॉल के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की प्रतिभा को भी सामने लाता है।
इस उपलब्धि में बिहार सॉफ्टबॉल एसोसिएशन की सचिव प्राची शर्मा के मार्गदर्शन और सहयोग का भी उल्लेख किया गया है। एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी डॉ. वी.के. शर्मा ने रूपा के चयन को मुजफ्फरपुर और बिहार के सॉफ्टबॉल खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि रूपा अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करेंगी।
अपनी सफलता पर रूपा ने मुजफ्फरपुर सॉफ्टबॉल एसोसिएशन, बिहार सॉफ्टबॉल एसोसिएशन, तनु मैम, प्राची मैम, मधु मैम, शिखा मैम, अपूर्वा मुले मैम, विनोद भैया, अजय सर, प्रवीण बाबूलाल सर, अजीत सर, एलएनएमयू स्पोर्ट्स इंचार्ज सुमित सर तथा वूमेन्स कॉलेज के प्राचार्य के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि खेल के सफर में मिले मार्गदर्शन, प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और सहयोग ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का पूरा प्रयास करेंगी।












