-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 2 जून को मुजफ्फरपुर दौरे पर, 288 करोड़ की योजनाओं का करेंगे उद्घाटन-शिलान्यास
मुजफ्फरपुर, दीपक । बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 2 जून 2026 को मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर प्रखंड अंतर्गत परसौनी नाथ पंचायत स्थित गोसाईंपुर उत्क्रमित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित सहयोग शिविर का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 12 स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट समाधान किया जाएगा। साथ ही लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री इस अवसर पर जिले के विकास से जुड़ी 288.16 करोड़ रुपये की लागत वाली 109 योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करेंगे। इन योजनाओं के माध्यम से जिले में आधारभूत संरचना, जनकल्याण और विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। जिला पदाधिकारी सुब्रत कुमार सेन तथा वरीय पुलिस अधीक्षक कानतेस मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों की ब्रीफिंग की। उन्होंने सभी अधिकारियों को समय पर ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारीपूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और कार्यक्रम को सफल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां अंतिम चरण में हैं।












