Advertisement

मिसेज बिहार 2026 बनीं मुजफ्फरपुर की बहू सोनी गुप्ता, स्कूल पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

-मिसेज बिहार 2026 बनीं मुजफ्फरपुर की बहू सोनी गुप्ता, स्कूल पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

मुजफ्फरपुर। प्रतिष्ठित ‘मिसेज बिहार 2026’ का खिताब जीतने के बाद मुजफ्फरपुर की बहू एवं शांति निकेतन आवासीय विद्यालय की डायरेक्टर सोनी गुप्ता का पहली बार विद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। स्कूल परिसर में प्रिंसिपल, शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनका अभिनंदन किया तथा उनकी उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।
पटना के एक होटल में आयोजित विवाश्री मिसेज बिहार 2026 प्रतियोगिता में कड़े मुकाबले के बाद सोनी गुप्ता ने मिसेज बिहार का प्रतिष्ठित ताज अपने नाम किया। विजेता बनने पर उन्हें आकर्षक क्राउन के साथ 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई।
सोनी गुप्ता की सफलता इसलिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है क्योंकि वह तीन बच्चों की मां हैं। पारिवारिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ वह शांति निकेतन आवासीय विद्यालय की डायरेक्टर के रूप में भी अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं। उनके पति पेशे से चिकित्सक हैं। उन्होंने बताया कि परिवार और पेशेवर जीवन के बीच संतुलन बनाते हुए उन्होंने प्रतियोगिता की तैयारी की और अपने पहले ही ब्यूटी पेजेंट में जीत हासिल की।


सोनी गुप्ता ने बताया कि उन्हें इस प्रतियोगिता की जानकारी इंस्टाग्राम के माध्यम से मिली थी। शुरुआत में उनके पति प्रतियोगिता में भाग लेने के पक्ष में नहीं थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी इच्छा और इस मंच के महत्व को परिवार के सामने रखा। इसके बाद उन्हें परिवार का पूरा सहयोग मिला।
प्रतियोगिता से पहले उन्होंने 15 दिनों का विशेष ग्रूमिंग सेशन किया, जिसमें व्यक्तित्व विकास, आत्मविश्वास, संप्रेषण कौशल और स्टेज प्रेजेंस का प्रशिक्षण दिया गया। इसी तैयारी ने उन्हें प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास प्रदान किया।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में मिसेज वर्ल्ड 2025 सरगम कौशल सहित कई विशेषज्ञ शामिल थे। प्रतिभागियों का मूल्यांकन व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, मंच संचालन और संप्रेषण कौशल के आधार पर किया गया।
अपनी सफलता पर सोनी गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि हर उस महिला के लिए प्रेरणा है, जो परिवार और अपने सपनों के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ना चाहती है। उन्होंने बताया कि अब उनका लक्ष्य राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिताओं में भाग लेकर भारत का प्रतिनिधित्व करना है। साथ ही भविष्य में फिल्मों और विज्ञापनों के क्षेत्र में भी अपनी पहचान बनाने की इच्छा रखती हैं।