Advertisement

जनकपुर में श्री हरि मानव कल्याण मंच बना जरूरतमंदों की उम्मीद, गरीब व पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई खाद्य सामग्री

-जनकपुर में श्री हरि मानव कल्याण मंच बना जरूरतमंदों की उम्मीद, गरीब व पीड़ित परिवारों तक पहुंचाई खाद्य सामग्री

जनकपुरधाम/मिश्री लाल मधुकर।
मानवीय सेवा के उद्देश्य से कार्यरत चैरिटेबल संस्था श्री हरि मानव कल्याण मंच ने जनकपुरधाम के विभिन्न क्षेत्रों में गरीब, लाचार और पीड़ित परिवारों के बीच खाद्यान्न सामग्री का वितरण कर सामाजिक सरोकार का प्रेरणादायी उदाहरण पेश किया। संस्था की इस पहल से कई जरूरतमंद परिवारों को राहत मिली और स्थानीय लोगों ने इसकी सराहना की।
संस्था की टीम सबसे पहले जनकपुरधाम उपमहानगरपालिका वार्ड-1 स्थित रेलवे स्टेशन के समीप मुसहर बस्ती पहुंची, जहां अत्यंत गरीब मुसहर समुदाय के परिवारों के बीच खाद्य सामग्री वितरित की गई। इसके बाद टीम जनकपुरधाम-23 के बिंधी गांव पहुंची और करीब एक वर्ष पूर्व हत्या के शिकार हुए अंशु यादव के पीड़ित परिवार को राहत सामग्री उपलब्ध कराई। संस्था ने बताया कि इस सहयोग का उद्देश्य कठिन परिस्थितियों से गुजर रहे परिवार को संबल प्रदान करना है।


इसी क्रम में जनकपुरधाम-24 के बसहिया गांव में आर्थिक तंगी से जूझ रहे बिश्नाथ दास ततमा के परिवार को खाद्यान्न दिया गया। संस्था ने बताया कि परिवार की तीन बेटियों में से दो जन्मजात दिव्यांग हैं और बोलने में असमर्थ हैं, इसलिए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर सहायता प्रदान की गई।
इसके अलावा मृतक अमरजीत मंडल के परिवार, बोधो मंडल के परिवार तथा मलाह समुदाय की एक ऐसी महिला, जिसकी दोनों आंखों की रोशनी जा चुकी है, को भी खाद्यान्न सामग्री उपलब्ध कराई गई।
संस्था के चेयरमैन एवं पत्रकार दीपक श्रेष्ठ मंडल ने कहा कि मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। उन्होंने कहा कि समाज के गरीब, लाचार, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना प्रत्येक सक्षम व्यक्ति की नैतिक जिम्मेदारी है। सेवा किसी जाति, धर्म या राजनीतिक विचारधारा से ऊपर है और संस्था भविष्य में भी ऐसे राहत अभियान लगातार चलाती रहेगी।
संस्था के इस मानवीय प्रयास की स्थानीय लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। लोगों का कहना है कि ऐसे सेवा कार्य न केवल जरूरतमंद परिवारों को राहत पहुंचाते हैं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।