-डायल 112 सेवा में मुजफ्फरपुर पूरे बिहार में नंबर-1, 10 मिनट के भीतर पहुंच रही पुलिस
मुजफ्फरपुर। जिले की इमरजेंसी रिस्पॉन्स सपोर्ट सिस्टम (ERSS) यानी आपातकालीन डायल 112 सेवा ने एक नई उपलब्धि हासिल की है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी जून 2026 की रिपोर्ट के अनुसार मुजफ्फरपुर की डायल 112 टीम ने पूरे बिहार में सबसे तेज रिस्पॉन्स टाइम दर्ज करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
रिपोर्ट के मुताबिक जिले में किसी भी आपात स्थिति, अपराध, सड़क दुर्घटना या अन्य संकट की सूचना मिलने पर पुलिस की डायल 112 टीम औसतन मात्र 10 मिनट के भीतर घटनास्थल पर पहुंच रही है। तेज और प्रभावी कार्रवाई के कारण आम लोगों को त्वरित सहायता मिल रही है, जिससे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ महिला सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं और मेडिकल इमरजेंसी के मामलों में भी राहत मिली है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस सफलता के पीछे शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक डायल 112 वाहनों की बेहतर तैनाती, आधुनिक जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम और पुलिस कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। तकनीक और तत्परता के समन्वय से पुलिस की प्रतिक्रिया पहले की तुलना में अधिक प्रभावी हुई है।
इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्र, सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी तथा ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने डायल 112 की पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की। अधिकारियों ने कहा कि यह उपलब्धि पुलिस जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सेवा भावना का परिणाम है तथा भविष्य में भी इसी स्तर की त्वरित और प्रभावी सेवा आम जनता को उपलब्ध कराई जाएगी।
मुजफ्फरपुर पुलिस की इस उपलब्धि को राज्य में आपातकालीन पुलिस सेवा के क्षेत्र में एक मिसाल माना जा रहा है। अधिकारियों ने भरोसा जताया कि डायल 112 की तेज और संवेदनशील कार्यशैली से आम लोगों का पुलिस पर विश्वास और मजबूत होगा।











