-मधुबनी: रहिका के सीओ और नाजिर घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, निगरानी की कार्रवाई से मचा हड़कंप
मधुबनी। संवाददाता।
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मधुबनी जिले के रहिका प्रखंड से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सीओ अभय कुमार और नाजिर को घूस लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों अधिकारियों को पटना से आई निगरानी की 20 सदस्यीय टीम ने बुधवार को छापेमारी कर पकड़ा।
जानकारी के मुताबिक, भारतमाला प्रोजेक्ट के तहत जमीन अधिग्रहण से जुड़ी रिपोर्ट तैयार करने के लिए रहिका प्रखंड के सीओ और नाजिर ने राहुल कुमार नामक व्यक्ति से एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। राहुल ने इस बाबत निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।

जांच के बाद निगरानी की टीम ने जाल बिछाया और बुधवार को रहिका प्रखंड कार्यालय में अचानक छापा मारा। इस दौरान सीओ अभय कुमार को 17 हजार रुपये और नाजिर को 13 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया गया। मौके से दोनों को गिरफ्तार कर पटना ले जाया गया है।
इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है। कर्मचारियों और अधिकारियों के बीच खलबली मच गई है, जबकि आम लोग निगरानी की कार्रवाई की सराहना कर रहे हैं।
#मधुबनी_घूसकांड #रहिका_सीओ_गिरफ्तार #नाजिर_गिरफ्तार #निगरानी_कार्रवाई #भ्रष्टाचार_पर_कसता_शिकंजा #भारतमाला_प्रोजेक्ट #बिहार_समाचार











