Advertisement

मद्य निषेध एवं बिहार अग्निशमन सेवा में अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी चयन परीक्षा 16 को

चंपारण की खबर::
-मद्य निषेध एवं बिहार अग्निशमन सेवा में अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी चयन परीक्षा 16 को
– कदाचार मुक्त परीक्षा को लेकर डीएम ने दिए निर्देश

मोतिहारी/ राजन द्विवेदी।

समाहरणालय स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में आज जिलाधिकारी सौरभ जोरवाल की अध्यक्षता में जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केंद्राधीक्षक को परीक्षा के सफल संचालन तथा परीक्षा केंद्रों पर विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिशा निर्देश दिया गया। उन्होंने बताया कि मद्य निषेध एवं बिहार अग्निशमन सेवा में अनुमंडल स्तरीय पदाधिकारी के चयन को लेकर होने वाली परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होनी चाहिए। परीक्षा को कदाचार मुक्त संपन्न कराना है।

बता दें कि आगामी 16 जुलाई 2023 को मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में अवर निरीक्षक मद्य निषेध एवं बिहार अग्निशमन सेवा में अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी के पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित संयुक्त (प्रारंभिक) लिखित प्रतियोगिता परीक्षा एक पाली पूर्वाहन 10:00 बजे से मध्यान्ह 12:00 बजे तक में होनी है । पूर्वी चंपारण जिला मुख्यालय में दो केंद्रों पर 1806 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा कक्ष के भीतर लिखित सामग्री, प्रवेश पत्र पर कोई लेख, सादा कागज, क्लिपबोर्ड, स्लाइड रूल , केलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पीडीए या अन्य कोई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र के अंदर ले जाना पूर्णतः वर्जित है। पूरी तरह से फ्रिस्किंग के बाद ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे।


अभ्यर्थियों के फोटोग्राफी एवं बायोमेट्रिक अंगूठा का निशान आवश्यक होगा।
अनुमंडल पदाधिकारी, मोतिहारी सदर द्वारा परीक्षा केंद्रों पर दंड प्रधान संहिता की धारा 144 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लगाया गया है।
परीक्षा को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं कदाचार रहित वातावरण में संचालन कराने के उद्देश्य से आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना समाहरणालय परिसर स्थित आपदा नियंत्रण कक्ष में की गई है। जिसका संपर्क नंबर 7488241071 है ।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी मोतिहारी सदर ,पुलिस उपाधीक्षक, नगर आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, सहायक कोषागार पदाधिकारी सहित सभी केंद्राधीक्षक एवं पुलिस पदाधिकारी गण उपस्थित थे ।