-भोपाल में SBI के 22 एटीएम से 20 लाख की हाईटेक ठगी का मास्टरमाइंड मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार
-इंजीनियर चला रहा था गैंग
मुजफ्फरपुर। भोपाल में भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के 22 एटीएम बूथों से करीब 20 लाख रुपये की हाईटेक ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड को आखिरकार मुजफ्फरपुर से गिरफ्तार कर लिया गया। भोपाल के शाहपुरा थाना पुलिस ने मुजफ्फरपुर सदर थाना पुलिस के सहयोग से भगवानपुर स्थित एक किराये के मकान में छापेमारी कर आरोपी अभिषेक कुमार को दबोच लिया। वह कैश लोडिंग एजेंसी में सीनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और पूरे गिरोह का संचालन कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तार अभिषेक कुमार मूल रूप से सारण (छपरा) जिले के खलपुरा का रहने वाला है। उसने छपरा और गया के युवकों को साथ लेकर एक संगठित गिरोह बनाया था, जिसमें इंजीनियरिंग के दो छात्र भी शामिल थे। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद आसिफ, मोहम्मद सागीर, साहिल अली, प्रिंस गुप्ता, सोनू उर्फ विपुल और साकेत खेतान शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 50 हजार रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की है।

जांच में सामने आया है कि अभिषेक ने छपरा के डोरीगंज इलाके में बाकायदा एक ट्रेनिंग सेंटर बना रखा था। यहां नए सदस्यों को एटीएम मशीन से छेड़छाड़ करने की विशेष तकनीक सिखाई जाती थी। उन्हें मास्टर चाबी से एटीएम का शटर खोलने और मशीन से नकदी निकालने के ऐसे तरीके बताए जाते थे, जिससे बैंक के सर्वर पर ट्रांजैक्शन फेल दिखाई दे।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह सुनसान इलाकों में स्थित एसबीआई के एटीएम को निशाना बनाता था। आरोपी कैश डिस्पेंसर में तकनीकी छेड़छाड़ कर ग्राहकों के रुपये मशीन में फंसा देते थे। इसके बाद ग्राहकों से कहते थे कि कुछ देर में राशि उनके खाते में वापस आ जाएगी। ग्राहक के जाने के बाद आरोपी मशीन खोलकर फंसे हुए रुपये निकाल लेते थे।
इतना ही नहीं, कई एटीएम बूथों पर कस्टमर केयर नंबर की जगह अपना मोबाइल नंबर लिख देते थे, ताकि जरूरत पड़ने पर ग्राहक उन्हें फोन करें और वे उन्हें झांसे में लेकर ठगी कर सकें।
भोपाल पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मास्टरमाइंड अभिषेक कुमार और गया निवासी सोनू उर्फ विपुल को ठगी की रकम का 10 प्रतिशत हिस्सा मिलता था, जबकि शेष राशि गिरोह के अन्य सदस्यों में बांटी जाती थी। मोहम्मद सागीर की निशानदेही पर ही मुजफ्फरपुर में छापेमारी कर अभिषेक को गिरफ्तार किया गया।
अब पुलिस मुजफ्फरपुर के सदर, अहियापुर और मिठनपुरा थाना क्षेत्रों में हाल के दिनों में हुई करीब 20 एटीएम फ्रॉड की घटनाओं में भी उससे पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसके नेटवर्क तथा अन्य राज्यों में हुई वारदातों की भी जांच जारी है।












