-भीषण सड़क हादसा, साला-बहनोई की मौत, तीसरा युवक गंभीर
मुजफ्फरपुर। मीनापुर प्रखंड के पानापुर ओपी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम मुजफ्फरपुर-मोतिहारी मुख्य मार्ग (NH-27) पर ललन ढाबा के समीप भीषण सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक रिश्ते में साला-बहनोई बताए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कांटी से मोतीपुर की ओर जा रहे थे। ललन ढाबा के पास पहुंचने के दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और इसी दौरान अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार रूपेश कुमार और विपिन पासवान की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, गौतम कुमार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पानापुर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल गौतम कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतकों की पहचान रामपुर हरि थाना क्षेत्र निवासी रूपेश कुमार और कांटी थाना क्षेत्र निवासी विपिन पासवान के रूप में हुई है। घायल युवक की पहचान रामपुर हरि थाना क्षेत्र निवासी गौतम कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रूपेश कुमार और विपिन पासवान आपस में साला-बहनोई थे।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस वाहन और चालक की पहचान के लिए छानबीन कर रही है। उधर, दोनों युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में कोहराम मच गया। घर में चीख-पुकार मच गई और गांव का माहौल गमगीन हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।












